Site icon Dainik Savera Times

‘अब सत्ता छोड़ने के बारे में सोचें मोदी’, खड़गे ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

'Modi should now think about leaving power', Kharge targeted BJP government

'Modi should now think about leaving power', Kharge targeted BJP government

लखनऊ: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा के अश्वमेध के घोड़े को रोक दिया है। प्रधानमंत्री पहले ‘अबकी बार 400 पार’ का नारा देते थे लेकिन जनता ने ऐसा सबक सिखाया कि अब उनकी बोलती बंद हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार दो सहयोगियों के सहारे खड़ी है। एक पैर तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) का और दूसरा नीतीश कुमार का है। ये दोनों पैर हट गए तो सरकार लड़खड़ा जाएगी।

‘400 का नारा लगाने वाले अब पहले की तरह बोल भी नहीं पा रहे’

लखनऊ में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि भाजपा ने 400 सीटें जीतने के दावे के साथ अश्वमेध का घोड़ा छोड़ा था लेकिन उत्तर प्रदेश के लोगों ने उसे पकड़ लिया। अब प्रधानमंत्री को सत्ता छोड़ने के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता ने भाजपा को ऐसा सबक सिखाया कि 400 पार का नारा लगाने वाले अब पहले की तरह बोल भी नहीं पा रहे हैं।

खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर विपक्ष के वोटों को प्रभावित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब तक मोदी और ज्ञानेश कुमार अपने पदों पर बने रहेंगे, तब तक निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव की उम्मीद करना मुश्किल है। कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष के समर्थकों के वोट काटने की कोशिश की गई तो देश का नौजवान इसके खिलाफ संघर्ष करेगा।

‘अजय राय ने प्रधानमंत्री को कड़ी चुनौती दी थी’

कांग्रेस अध्यक्ष ने वाराणसी लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री को कड़ी चुनौती दी थी। वह थोड़े से अंतर से पीछे रह गए, अन्यथा नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहते और उन्हें गुजरात लौटना पड़ता। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री अब राजनीतिक रूप से परेशान हैं। उत्तर प्रदेश में चुनावी नतीजों और विधान परिषद चुनाव में मिली चुनौती ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

खड़गे ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि कंपनियां केवल मुनाफा कमा रही हैं, लेकिन रोजगार पैदा नहीं कर रहीं और निवेश भी नहीं कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी ही नीतियों के मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। खड़गे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान और उसके निर्माता के सम्मान के सवाल पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

‘तुमने राम के नाम पर चोरी की, तुम्हें स्वर्ग का दरवाजा नहीं मिलेगा’

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले हर नागरिक की जिम्मेदारी है। भाजपा पर भगवान राम के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए खड़गे ने कहा कि धर्म और आस्था को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, ‘तुमने राम के नाम पर चोरी की, तुम्हें स्वर्ग का दरवाजा नहीं मिलेगा।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के 145 साल के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस को खत्म करने का सपना देखने वालों को समझना चाहिए कि यह पार्टी कभी समाप्त होने वाली नहीं है। कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि मिलकर लड़ेंगे तो जीतेंगे ही।

भाजपा और आरएसएस नफरत फैलाने का आरोप

खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोहब्बत की दुकान खोलने की बात करते हैं जबकि आरएसएस और भाजपा नफरत की दुकान चलाते हैं। कांग्रेस की विचारधारा लोगों को जोड़ने और समाज में भाईचारा कायम करने की है।

इमरान मसूद को खड़गे की सलाह, बातों से काम नहीं चलेगा

खड़गे ने सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद की सक्रियता और पार्टी के प्रति उनके तेवरों की तारीफ की लेकिन साथ ही गठबंधन और संगठन में मिलकर काम करने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद संसद में पार्टी के लिए लड़ते हैं और अपनी बात मजबूती से रखते हैं। वह उन्हें रोज टेलीविजन पर देखते हैं और उनका जोश भी दिखाई देता है लेकिन केवल बातों से काम नहीं चलेगा। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। जितनी एकजुटता से काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में संविधान बचाओ मार्च आयोजित करने की योजना बनाई थी। हालांकि प्रशासन की ओर से मार्च की अनुमति नहीं दी गई। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे खड़गे ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार, भाजपा, निर्वाचन व्यवस्था और संविधान से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया।

Exit mobile version