Site icon Dainik Savera Times

लोकतंत्र की बातें करने वाले मोदी खुद लोकतांत्रिक तरीके से नहीं चलते : खड़गे

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा है कि वह लोकतंत्र की बातें करते हैं लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों का कभी खुद पालन नहीं करते हैं। खडगे ने कहा कि मोदी तोड़फोड़ की राजनीति पर विश्वास करते हैं। पूरे देश में इसके अनेक उदाहरण मौजूद है जहां उन्होंने इस नीति का सहारा लिया है और खुद लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा ‘‘नरेंद्र मोदी सिर्फ लोकतंत्र की बातें करते हैं, लेकिन कभी लोकतंत्र के हिसाब से नहीं चलते। महाराष्ट्र की सरकार धोखा और विश्वासघात के आधार पर बनाई गई है, जिसका समर्थन खुद मोदी कर रहे हैं। वह जहां भी जाते हैं लोगों को भड़काने का काम करते हैं। मेरे आज तक के राजनीतिक जीवन में मैंने ऐसा नहीं देखा।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ‘‘भाजपा सरकार द्वारा एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर विपक्षी दलों को डराया और उन्हें तोड़ा जा रहा है। असली दलों से उनका पार्टी चिन्ह छीनकर भाजपा को समर्थन करने वाली पार्टियों को सौंप दिया गया है।’’ उन्होंने कहा ‘‘नरेंद्र मोदी की‘तोड़-फोड़’नीति का महाराष्ट्र एक अकेला उदाहरण नहीं हैं। प्रधानमंत्री की तोड़-फोड़ नीति का वार इससे पहले कर्नाटक, मणिपुर, गोवा, मध्य प्रदेश में देखा जा चुका है। उनकी इस नीति के खिलाफ हम सभी साथ मिलकर लड़ रहे हैं।’’

Exit mobile version