Site icon Dainik Savera Times

केदारनाथ सीट पर कांग्रेस नहीं, बल्कि उत्तराखंड के सरोकारों की हार : हरीश रावत

Uttarakhand News

Uttarakhand News

Uttarakhand News : उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने जीत दर्ज की है।
केदारनाथ विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत के बाद कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ये हार कांग्रेस की हार नहीं है बल्कि उत्तराखंड के सरोकारों की हार है। यह उन सवालों की हार है जो केदार भूमि स्वयं उठा रही थी। वो सवाल आम जनता के सवाल थे।
हरीश रावत ने जनता को लेकर कहा कि चुनाव के बाद उत्तराखंडी सरोकारों की बात करेंगे। आप भू कानून, महिला सम्मान, पलायन, बेरोजगारी की बात करेंगे, लेकिन उनके लिए जो व्यक्ति खड़ा रहा, उसको आप चुनाव में हरा देंगे। मुझे इस बात की तकलीफ है कि उत्तराखंड किस दिशा में जा रहा है। हम लोगों से बात करेंगे और राजनीतिक दल के रूप में हमें भी अपना तरीका बदलना होगा और जनता का भरोसा जीतना होगा।

5,622 वोटों से जीत की है हासिल
केदारनाथ विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल को कुल 23,814 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत को 18,192 वोट मिले। आशा नौटियाल ने 5,622 वोटों से जीत हासिल की है। इस सीट पर नोटा को 834 वोट मिले।
वहीं जीत हासिल करने के बाद आशा नौटियाल ने कहा था कि विकास के मुद्दों पर हम लोगों ने चुनाव लड़ा है। इस चुनाव में विपक्ष सिर्फ लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहा था। विपक्ष कभी भी जनता के हित की बात करते हुए नजर नहीं आया। जबकि भाजपा ने सिर्फ विकास की बात की है। मैं सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को तहे दिल से धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने विकास के मुद्दे पर भाजपा को जीत दिलाने में भूमिका निभाई है।

Exit mobile version