Site icon Dainik Savera Times

अब पानी की बर्बादी और चोरी पर लगेगी लगाम… आज से दिल्ली में दौड़ेंगे GPS युक्त वाटर टैंकर, दिखाई गई हरी झंडी

GPS equipped water tankers will run in Delhi

GPS equipped water tankers will run in Delhi

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने रविवार को लोगों को जल संकट से मुक्ति दिलाने के लिए 1,111 पानी टैंकर को हरी झंडी दिखाई। यह टैंकर खास हैं क्योंकि ये जीपीएस सिस्टम से लैस हैं। दावा है कि इससे पानी की बर्बादी और चोरी पर रोक लगेगी। इसका मकसद उन इलाकों तक पानी पहुंचाना है, जहां पाइपलाइन नहीं है या पानी की सप्लाई बहुत कम है।

इन टैंकरों की शुरुआत बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड से की गई, जहां से इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान सांसद बांसुरी स्वराज समेत तमाम दिग्गज मौजूद रहे। पानी के टैंकरों पर सही निगरानी रखने के लिए बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में एक नया कमांड सेंटर बनाया गया है। यहां से टैंकरों की हर गतिविधि को रियल टाइम यानी तुरंत देखा जा सकेगा।

दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, यह हाईटेक सिस्टम टैंकर की मूवमेंट, स्पीड और पानी की डिलीवरी के समय पर नजर रखेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि हर टैंकर समय पर और सही जगह पर पानी पहुंचाए। यह पूरी पहल दिल्ली में जल सप्लाई सिस्टम को आधुनिक बनाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है। इस योजना का मकसद सिर्फ पानी की सप्लाई सुधारना नहीं, बल्कि पानी की चोरी, गलत इस्तेमाल और शहर में पानी के असमान बंटवारे को रोकना भी है।

टैंकरों में जीपीएस ट्रैकर

शुक्रवार को इस योजना की जानकारी देते हुए जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा था कि जीपीएस से लैस इन पानी के टैंकरों की तैनाती, लोगों को समय पर और पारदर्शी तरीके से पानी पहुंचाने के मिशन का हिस्सा है। उन्होंने कहा था, ‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह सपना पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं कि हर किसी को समय पर पानी मिले।’

वर्मा ने यह भी कहा था, ‘यह सिर्फ पानी पहुंचाने की बात नहीं है, बल्कि लोगों के प्रति हमारी जवाबदेही, पारदर्शिता और सम्मान दिखाने की कोशिश है।’ दिल्ली की भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने मीडिया से बातचीत में कहा था, ‘गर्मियों में दिल्ली के लोगों के लिए पानी के टैंकर बहुत ज़रूरी थे। अब इन टैंकरों में जीपीएस ट्रैकर लगे हैं ताकि पानी की सप्लाई में पारदर्शतिा और जवाबदेही बनी रहे और लोगों को कोई परेशानी न हो।‘

Exit mobile version