Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उमर अब्दुल्ला व महबूबा ने निर्वाचन आयोग से अनंतनाग-राजाैरी लोस सीट पर चुनाव न टालने को कहा

April 26, 2024

उमर अब्दुल्ला व महबूबा ने निर्वाचन आयोग से अनंतनाग-राजाैरी लोस सीट पर चुनाव न टालने को कहा


श्रीनगर/जम्मू। नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) नेता उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग से अनंतनाग-राजाैरी लोकसभा सीट पर चुनाव स्थगित न करने का अनुरोध किया। निर्वाचन आयोग ने मुगल रोड पर हिमपात समेत प्रतिकूल मौसम के कारण अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव कार्यक्रम में बदलाव के कुछ दलों और तीन उम्मीदवारों के अनुरोध पर मुख्य सचिव अटल डुल्लू और मुख्य निर्वाचन अधिकारी से एक रिपोर्ट मांगी है जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्रियों ने यह अपील की।

उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं निर्वाचन आयोग से अपील करता हूं कि ऐसा कोई कदम न उठाया जाए। सभी दलों ने चुनाव स्थगित करने की मांग नहीं की है। विचित्र बात यह है कि जिन लोगों ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है, वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। अगर मैं निर्वाचन आयोग को तमिलनाडु आदि के निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में पत्र लिखता हूं तो क्या वे संज्ञन लेंगे।’’ पुंछ जिले के सुरनकोट में पत्रकारों से बातचीत में महबूबा ने कहा, ‘‘उन सभी ने मेरे खिलाफ गिरोह बना लिया है क्योंकि वे मुझे संसद में नहीं देखना चाहते हैं।

धर्म और पार्टी के रुख के इतर लोग मेरे समर्थन में आगे आ रहे हैं और इसलिए वे चुनाव को टालने और धांधली के लिए निर्वाचन आयोग का इस्तेमाल कर रहे हैं।’’ पीडीपी नेता ने कहा कि उन्होंने मुगल रोड पर यात्र की है जिसे हाल में यातायात के लिए खोला गया है। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार के लिए मेंढर शहर रवाना होने से पहले कहा, ‘‘अनंतनाग-राजाैरी सीट पर मतदान टालने का कोई औचित्य नहीं है। निर्वाचन आयोग से मेरा अनुरोध है कि मतदान में महज 10 दिन बाकी रहने पर चुनाव न स्थगित करें। इससे गलत संदेश जाएगा और इसके गंभीर परिणाम होंगे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें