Last Updated: November 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘दिसंबर में सिर्फ सर्दी आएगी, शेख हसीना नहीं’, पूर्व पीएम की वापसी पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री का तंज

November 27, 2026

‘दिसंबर में सिर्फ सर्दी आएगी, शेख हसीना नहीं’, पूर्व पीएम की वापसी पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री का तंज

ढाका: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने तंज कसते हुए कहा क‍ि दिसंबर में देश में सिर्फ सर्दी आएगी, शेख हसीना नहीं। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने साफ किया कि शेख हसीना अगर बांग्लादेश लौटती हैं, तो केवल प्रत्यर्पण संधि (एक्सट्राडिशन ट्रीटी) के तहत ही लौट सकती हैं।

दिसंबर में कोई नहीं आएगा, सिर्फ सर्दी आएगी

‘यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश’ (यूएनबी) के अनुसार, कबीर ने कहा, “मैंने सिलहट की एक बैठक में भी कहा था कि शेख हसीना दिसंबर में नहीं आएंगी। दिसंबर में कोई नहीं आएगा, सिर्फ सर्दी आएगी।” उन्होंने यह बात गुरुवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

कबीर ने कहा कि शेख हसीना को बांग्लादेश वापस लाया जाना है तो उन्हें औपचारिक रूप से हथकड़ियों में या कड़ी निगरानी के तहत लाना होगा। उनके मुताबिक, यही एकमात्र तरीका है जिससे वह देश लौट सकती हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश चाहता है कि भारत, मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत, हसीना और अन्य उन लोगों को सौंपे जिन पर अपराध करने के आरोप हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से आधिकारिक अनुरोध किया जा चुका है।

उन्हें एक कैदी की तरह हथकड़ियों में ही आना होगा

वर्तमान में भारत में रह रही शेख हसीना के बारे में खबरें हैं कि वह 16 दिसंबर को सरकारी विमान से ढाका लौटना चाहती हैं। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो पाकिस्तान से देश की आजादी की याद में मनाया जाता है। मंगलवार को भी हुमायूं कबीर ने कहा था कि यदि शेख हसीना 16 दिसंबर को लौटना चाहती हैं, तो उन्हें एक कैदी की तरह हथकड़ियों में ही आना होगा। उन्होंने यह टिप्पणी ढाका में विदेश मंत्रालय में विदेशी राजनयिकों को जानकारी देने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए की थी।

मीडिया रिपोर्टों में हसीना की संभावित वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर कबीर ने कहा, “ऐसी खबरें पैसे खर्च करके बार-बार दिखाई जा सकती हैं, लेकिन हमें इच्छा और हकीकत में फर्क करना होगा। हकीकत यह है कि जिन लोगों पर गंभीर आरोप हैं, उन्हें सिर्फ न्याय का सामना करने के लिए वापस लाया जाएगा। कुछ लोग सपना देख सकते हैं कि वे एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं या विमान में सवार हो रहे हैं, लेकिन वे आम यात्री नहीं हैं। उन्हें सिर्फ हथकड़ियों में या न्यायिक प्रक्रिया का सामना करने के लिए ही देश लाया जा सकता है।”

वहीं, इसी महीने की शुरुआत में शेख हसीना ने कहा था कि गिरफ्तारी, जेल या यहां तक कि मौत का खतरा भी उन्हें बांग्लादेश लौटने से नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि वह अपने लोगों से दूर रहने के बजाय अपने देश में मरना पसंद करेंगी। एक ऑडियो इंटरव्यू में हसीना ने कहा कि डर ने कभी भी उन्हें वह काम करने से नहीं रोका, जिसे वह सही मानती हैं। उन्होंने याद किया कि राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा खतरों के बावजूद वह पहले भी कई बार बांग्लादेश लौटी हैं।

मुझे जोखिमों का पूरी तरह एहसास- हसीना   

हसीना ने कहा, “मुझे जोखिमों का पूरी तरह एहसास है। जैसे ही मैं पहुंचूंगी, मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है। मुझे जेल भेजा जा सकता है। यहां तक कि मुझे मारने की कोशिश भी हो सकती है। मैंने इन सभी संभावनाओं के बारे में सोचा है। लेकिन मैंने बहुत पहले ही अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की चिंता करना छोड़ दिया था। 1981 में मैं सैन्य शासन के दौरान बांग्लादेश लौटी थी। 2007 में भी मैं वापस आई, जबकि मुझे पता था कि सैन्य समर्थित सरकार मुझे गिरफ्तार कर सकती है। मैं जेल जा चुकी हूं और मेरी जान लेने की कई कोशिशें हो चुकी हैं। लेकिन डर ने कभी भी मुझे सही काम करने से नहीं रोका।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें