Site icon Dainik Savera Times

संसद में हंगामे पर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, एक-दूसरे पर काम-काज नहीं होने देने के लगाए आरोप

parliament संसद

parliament संसद

नई दिल्ली : संसद के शीतकालीन सत्र में दोनों सदनों की कार्यवाही हंगामे की वजह से लगातार बाधित हो रही है। इस वजह से किसी भी विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा नहीं हो पा रही है। इसी पर अब सत्तापक्ष से लेकर विपक्ष से जुड़े नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है।

कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा पैदा न हो : गौरव गोगोई
कांग्रेस के लोकसभा सांसद गौरव गोगोई ने कहा, ‘‘विपक्ष इस बात को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि सदन में सुचारू रूप से कार्यवाही चले। कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा पैदा न हो, हम सभी लोग इस बात को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। आज (मंगलवार को) हमें उम्मीद थी कि प्रश्नकाल चलेगा, इसमें किसी भी प्रकार की बाधा पैदा नहीं होगी। लेकिन, बहुत ही अफसोस की बात है कि एक तरफ जहां विपक्ष के नेता पूरे अनुशासन के साथ अपनी सीट पर बैठे हुए थे, सत्तापक्ष से जुड़े नेता आक्रोश के साथ सदन की कार्यवाही में बाधा पैदा करने के मकसद से नारेबाजी कर रहे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह कहना चाहेंगे कि मेहरबानी करके आप सदन से भागना बंद कीजिए और लोकतंत्र के मंदिर यानी संसद में जनता से जुड़े सभी सवालों के जवाब दीजिए। सदन को चलाइए। मैं एक बात फिर से स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि विपक्ष इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। लेकिन, जिस तरह की व्यवस्था मौजूदा समय में सत्तापक्ष से जुड़े नेता बनाने की कोशिश कर रहे हैं, हम उसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकते।’’

इंडिया ब्लॉक बड़े ही विरोधाभास की स्थिति है : राजीव प्रताप रूडी
वहीं, भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, ‘‘कांग्रेस का अजीब ही हाल है। ये लोग सदन के भीतर तो शोर मचाते हैं और बाहर आकर कहते हैं कि सदन चलाओ। यह लोग खुद अपने लिए विरोधाभास की स्थिति पैदा कर रहे हैं। मैं कहना चाहूंगा कि इंडिया ब्लॉक बड़े ही विरोधाभास की स्थिति है, जिसे मौजूदा राजनीति में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।’’

Exit mobile version