Site icon Dainik Savera Times

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पप्पू यादव पर चप्पल से हमला, सांसद ने कहा- मुझे मारने की साजिश थी

Pappu Yadav attacked with slippers during press conference

Pappu Yadav attacked with slippers during press conference

नई दिल्ली: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर उन पर चप्पल फेंककर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पप्पू यादव अपने हालिया संसद प्रदर्शन और उस पर उठे विवादों को लेकर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनसे तीखे सवाल पूछने शुरू किए। शुरुआत में मामला केवल बहस तक सीमित रहा, लेकिन कुछ ही देर में विरोधी पक्ष की ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद पप्पू यादव के समर्थक भी आक्रोशित हो गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक, फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुर्सियां तक फेंकी जाने लगीं। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पप्पू यादव पर चप्पल फेंक दी।घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद समर्थकों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में ले लिया। घटना के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मुझे मारने की साजिश थी, लेकिन मैं बच गया- पप्पू यादव

घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उनके घर में घुसकर उन पर हमला किया गया और यह उनकी हत्या की साजिश का हिस्सा था। उन्होंने दावा किया कि हमलावर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, “अब तो रोज बाबा लोग कहते हैं कि पप्पू यादव को मारो, जला डालो, 51 लाख रुपये देंगे। मुझे मारने की साजिश थी, लेकिन मैं बच गया।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर के हाथ में चाकू भी था।

गौरतलब है कि शुक्रवार को पप्पू यादव ने संसद परिसर में गेरुआ वस्त्र पहनकर राम मंदिर चंदा चोरी के कथित मामले को लेकर प्रदर्शन किया था। उनके इस प्रदर्शन के बाद भाजपा समेत कई राजनीतिक दलों ने उनकी आलोचना की थी। इसी मुद्दे पर अपना पक्ष रखने के लिए उन्होंने अपने सरकारी आवास पर यह प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी।

Exit mobile version