वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वाराणसी में आयोजित ‘महिला सम्मेलन’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।
दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई
उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव तो है ही, थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें विकास से जुड़ी हर प्रकार की परियोजनाएं हैं, साथ ही काशी और अयोध्या की कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले काम भी हैं। कुछ देर पहले दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई। ये दोनों अमृत भारत ट्रेनें यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी। अब मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया है। मैं इस शुभारंभ के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं। भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है। जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी काशी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकठा और मां गंगा, ऐसी दिव्य शक्तियों की भूमि है। ऐसे में आप सभी बहन-बेटियों के इस समागम ने इस अवसर को बहुत दिव्य बना दिया है। हम काशी की भूमि पर आप सब मां-बहनों को प्रणाम करते हैं। काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए। और यह बड़ा लक्ष्य है, लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना।
#WATCH | Varanasi, Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi says, “The idea of women’s participation was a major reason behind the formation of the country’s new Parliament. When the new Parliament was built, our first action was to provide 33% reservation to women. For 40… pic.twitter.com/aRY9O1VLYE
— ANI (@ANI) April 28, 2026
कांग्रेस, सपा समेत विपक्षी दलों पर हमला
कांग्रेस, सपा समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम आधी आबादी को उनका हक दिलाना चाहते थे। कांग्रेस और सपा जैसे दलों ने महिला आरक्षण बिल को पास नहीं होने दिया। लेकिन, मैं महिलाओं को यह आश्वास्त करता हूं कि उनको हक दिलाकर रहूंगा। मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा। जब सपा की सरकार थी तो यूपी में बेटियों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया था। लेकिन, अब भाजपा की सरकार में बेटियों को लेकर गलत सोच रखने वाला अच्छी तरह जानता है कि उसका अंजाम क्या होगा। भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध में तेजी से गिरावट आने लगी है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने। 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले। 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन दिया गया। 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया यानी अनेक बड़ी योजनाओं के केंद्र में बहनों-बेटियों को रखा गया।
#WATCH | Varanasi, Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi says, “… These ‘Pariwarvaadi’ parties do not want to allow the daughters of the country in the Assembly and Parliament. They know that if the daughters working on the ground rise to the top, their control will be… pic.twitter.com/E8VNzXzAIl
— ANI (@ANI) April 28, 2026
3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है। बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपए की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं। ऐसे ही प्रयासों से 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।

