Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

नागपुर में पतंजलि फूड पार्क से विदर्भ के किसानों को मिलेगी राहत : Nitin Gadkari

March 9, 2025

नागपुर में पतंजलि फूड पार्क से विदर्भ के किसानों को मिलेगी राहत : Nitin Gadkari

नागपुर डेस्क : महाराष्ट्र के नागपुर जिले में बनने जा रहा है एशिया का सबसे बड़ा प्लांट, ‘पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क’। इसमें आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर जूस, जूस कंसंट्रेट, पल्प और पेस्ट का उत्पादन किया जाएगा। पतंजलि मेगा फूड एंड हर्बल पार्क बनने से 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस फूड पार्क में फलों और सब्जियों के प्रसंस्करण के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जिससे विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

मिहान में फूड पार्क का भव्य उद्घाटन

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि नागपुर में नया पतंजलि फूड और हर्बल पार्क विदर्भ क्षेत्र के किसानों के लिए राहत लेकर आएगा। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में किसान आत्महत्या की कई घटनाएं हुई हैं। गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर के मिहान में फूड पार्क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पतंजलि आयुव्रेद के सह-संस्थापक रामदेव और इसके प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण मौजूद थे। गडकरी ने विदर्भ में संतरा किसानों की भलाई के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

उन्होंने क्षेत्र में फलों के उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार के साथ ही उपज की अच्छी कीमत सुनिश्चित करने के लिए किए गए उपायों के बारे में भी बताया। नागपुर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले गडकरी ने कहा, ‘‘नया पार्क विदर्भ क्षेत्र के किसानों के लिए राहत लेकर आएगा, जहां किसानों की आत्महत्या के कई मामले सामने आए हैं।’’

संतरा उगाने वाले सभी किसानों के लिए वरदान : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह केंद्र (पार्क) न केवल इस परियोजना के लिए, बल्कि संतरा उगाने वाले सभी किसानों के लिए वरदान साबित होगा।’’ फडणवीस ने कहा कि संयंत्र में फलों की छंटाई, ग्रेडिंग और भंडारण का काम किया जाएगा। साथ ही फलों का छिलके और बीज सहित पूरी तरह प्रसंस्करण किया जाएगा।

रोज़ाना 800 टन संतरे का जूस प्रोसेस करने की क्षमता : बाबा रामदेव

नागपुर में पतंजलि फूड एवं हर्बल पार्क के उद्घाटन समारोह में रवविार को शामिल हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने इस पार्क की खासियतों को आम लोगों के साथ साझा किया। इस अवसर पर बाबा रामदेव ने कहा, ‘यह प्लांट रोज़ाना 800 टन संतरे का जूस प्रोसेस करने की क्षमता रखता है। इसके शुरू होने के बाद कोई मिलावट नहीं होगी, बल्कि प्राकृतिक तरीके से जूस तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को समृद्धि मिलेगी। संतरे के उत्पादन को बढ़ाने के लिए एक अच्छी नर्सरी तैयार करेंगे, जिससे बेहतरीन पौधे मिल सकें। अन्य फलों का भी प्राकृतिक तरीके से जूस निकालने का काम करेंगे। संतरे के निर्यात के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। विदर्भ से सटे गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों से संतरा लाने की योजना भी है। जय जवान, जय किसान, जय मिहान! महाराष्ट्र का यह सपना हम पूरा करेंगे।’

किसानों को समृद्ध बनाना हमारी प्राथमिकता : आचार्य बालकृष्ण

पतंजलि आयुर्वेद लि. के एमडी आचार्य बालकृष्ण ने कहा, प्लांट की प्रतिदिन 800 टन प्रोसेसिंग क्षमता है, जो जीरो वेस्टेज सिस्टम पर काम करता है। स्थानीय लोगों को रोजगार देना और किसानों को समृद्ध बनाना हमारी प्राथमिकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें