Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

पटनायक ने तीन राज्यों में भाजपा की जीत के लिए मोदी को बधाई दी

भुवनेश्वरः ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हाल में हुए विधानसभा चुनावों में तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के लिए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पटनायक ने प्रधानमंत्री से फोन पर बात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। पटनायक ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष भी हैं। भाजपा ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। चुनाव के परिणाम रविवार को घोषित किए गए। बहरहाल, बीजद ने यह भी कहा कि इन नतीजों का ओडिशा की राजनीति या पूर्वी राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बीजद सांसद अमर पटनायक ने एक बयान में कहा, ‘‘किसी भी राज्य में नवीन पटनायक के कद का कोई नेता नहीं है। मेरे आकलन के अनुसार, हाल में हुए राज्य विधानसभा चुनावों का ओडिशा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’’ ओडिशा में भाजपा मुख्य विपक्षी दल है।

भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि ओडिशा में अगले साल भाजपा सरकार बनाएगी। ओडिशा में अगले साल की शुरुआत में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव होने हैं। सामल ने दावा किया कि ओडिशा में मोदी की काफी लोकप्रियता है और चुनाव में यह दिखायी देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने पिछले नौ साल में ओडिशा के लिए करीब 19 लाख करोड़ रुपये की निधि को स्वीकृति दी है लेकिन इसका उचित तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया। कुछ युवा काम के लिए दूसरे राज्यों में चले गए हैं।’’

वहीं, ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष सरत पटनायक ने दावा किया कि उनकी पार्टी बीजद को सत्ता से बाहर कर देगी। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने तेलंगाना में एक क्षेत्रीय दल को हराया है और ओडिशा में भी इसे दोहराया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि लोगों को अब पता चल गया है कि बीजद और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

Exit mobile version