Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में दो दिवसीय दौरे पर रोड शो और तीन रैलियों को संबोधित करेंगे PM MODI

May 12, 2024

बिहार में दो दिवसीय दौरे पर रोड शो और तीन रैलियों को संबोधित करेंगे PM MODI


पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार शाम को पटना में एक रोड शो करेंगे और इसके एक दिन बाद राज्य में अन्य जगहों पर तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राजीव मिश्र ने बताया, ‘‘राज्य की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी इलाके में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और रोड शो मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।’’ रोड शो राज्य में स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मुख्यालय से कुछ दूरी पर स्थित आयकर कार्यालय चौराहे से शुरू होगा और फ्रेजर रोड, प्रदर्शनी रोड, कदम कुआं और साहित्य सम्मेलन जैसे इलाकों से गुजरते हुए गांधी मैदान के आसपास उद्योग भवन में समाप्त होगा।

रोड शो के लिए निर्धारित मार्ग पर सड़क के दोनों किनारों पर अवरोधक लगाए गए हैं और इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहने की संभावना है। एसएसपी ने कहा कि कड़ी निगरानी रखने के लिए कई इमारतों की छतों पर बल तैनात किए जाएंगे। लोगों से द मोदी शो में आने का आग्रह करने वाले पोस्टर और बिलबोर्ड विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और स्थानीय भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा,शहर के लोग प्रधानमंत्री के प्रति अपने अपार स्नेह के लिए जाने जाते हैं। हम उनसे अनुरोध करते हैं कि वे अपने घरों को फूलों से सजाकर बिहार में रोड शो करने वाले पहले प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करें। रविशंकर प्रसाद पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
रोड शो की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रसाद भी शनिवार देर शाम बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी सहित अन्य लोगों के साथ सड़कों पर उतरे।

पाटलिपुत्र लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले राम कृपाल यादव ने कहा, ‘‘मैं पाटलिपुत्र का सांसद हो सकता हूं लेकिन मैं पटना साहिब का मतदाता हूं। प्रधानमंत्री की शहर में यात्र मेरे लिए गर्व की बात है।’’ रोड शो के बाद प्रधानमंत्री का राजभवन में रात्रि विश्रम का कार्यक्रम है। सोमवार को उनका पुराने शहर क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सिख मंदिर तख्त हरमंदिर जाने का कार्यक्रम है जहां गुरु गोविंद सिंह का जन्म हुआ था और उन्होंने अपना बचपन बिताया था।

इसके बाद वह प्रचार अभियान के तहत हाजीपुर,मुजफ्फरपुर और सारण में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। हाजीपुर से भाजपा के सहयोगी चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं। मोदी पहले ही राज्य में सात चुनावी रैलियां कर चुके हैं। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें