नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर वीवी राजेश और डिप्टी मेयर जीएस आशा नाथ को पत्र लिखकर बधाई दी है। यह पत्र वीवी राजेश ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें पीएम मोदी ने स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी की जीत को ऐतिहासिक बताया।
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि तिरुवनंतपुरम जैसे बड़े और ऐतिहासिक शहर में बीजेपी की यह जीत खास मायने रखती है। उन्होंने कहा कि विकसित तिरुवनंतपुरम का बीजेपी का विजन लोगों को पसंद आया और इसी वजह से मतदाताओं ने पार्टी पर भरोसा जताया।
तिरुवनंतपुरम की तारीफ
पीएम मोदी ने कहा कि तिरुवनंतपुरम हर मलयाली के लिए गर्व का शहर है। यह श्री पद्मनाभस्वामी के आशीर्वाद से जुड़ा हुआ है और केरल की राजधानी होने के साथ-साथ विचारकों, कलाकारों, कवियों और समाज सुधारकों की धरती रहा है। ऐसे शहर से मिला समर्थन बीजेपी के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने लिखा कि लोगों ने केंद्र सरकार के काम और देश के अलग-अलग हिस्सों में शहरी विकास के प्रयासों को देखा है, इसलिए उन्होंने बीजेपी को आशीर्वाद दिया।
LDF और UDF पर हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने LDF और UDF पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों से केरल की राजनीति पर इन दोनों मोर्चों का दबदबा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने भ्रष्टाचार और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा दिया, जो केरल की संस्कृति के खिलाफ है। पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि कठिन हालात, विरोध और हिंसा के बावजूद उन्होंने निडर होकर लोगों के मुद्दे उठाए और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाया।
‘फिक्स्ड मैच’ खत्म होने की बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि तिरुवनंतपुरम में बीजेपी की सफलता इस बात का संकेत है कि केरल के लोग, खासकर युवा और महिलाएं, बदलाव चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि बीजेपी-NDA बिना भेदभाव के राष्ट्रवाद, बिना भ्रष्टाचार के विकास और बिना तुष्टीकरण के शासन का विकल्प बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में दोस्त और केरल में विरोधी बनने वाला LDF-UDF का “फिक्स्ड मैच” अब जल्द खत्म होने वाला है।
मेयर चुनाव का नतीजा
बीजेपी के प्रदेश सचिव और कोडुंगानूर वार्ड पार्षद वीवी राजेश 26 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन के मेयर चुने गए। उन्हें 50 बीजेपी पार्षदों और एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन मिला, यानी कुल 51 वोट। UDF उम्मीदवार को 17 वोट और LDF उम्मीदवार को 29 वोट मिले। इसी दिन जीएस आशा नाथ को डिप्टी मेयर चुना गया। यह जीत केरल की शहरी राजनीति में बीजेपी के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

