यूपी डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंर्द मोदी 15 दिन के अंदर आज दूसरी बार अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री देर शाम बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, वहां से बरेका तक 28 किलोमीटर का रोड शो करेंगे। इस दौरान उनके ऊपर पुष्प वर्षा की जाएगी। खास बात यह है कि पीएम मोदी अपनी कार के रूफटॉप से बाहर आकर लोगों का अभिवादन भी करेंगे। भाजपा ने पीएम मोदी के भव्य स्वागत के लिए पीएम मोदी के सड़क मार्ग रूट पर स्वागत के लिए 16 प्वाइंट भी बनाए हैं। पीएम मोदी 22 फरवरी को भी सड़क मार्ग से ही एयरपोर्ट से बरेका गए थे। मगर, उस यात्रा में पीएम मोदी ने कार के अंदर से ही अभिवादन स्वीकार करते हुए हाथ हिलाया था। नौ मार्च की रात में करीब साढ़े नौ बजे पीएम मोदी बाबतपुर एयरपोर्ट से चलेंगे तो पीएम कई जगहों पर कार से बाहर आकर भी लोगों का अभिवादन करेंगे।
पीएम मोदी के भव्य स्वागत के लिए तैयार हैं काशीवासी
पीएम मोदी के भव्य स्वागत के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट, हरहुआ चौराहा, शिवपुर चौराहा, अर्दली बाजार, कचहरी चौराहा, लहरतारा चौराहे से आगे, मंडुवाडीह चौराहा, बीएलडब्ल्यू गेट पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर पीएम का स्वागत करेंगे। इसके साथ ही इन जगहों पर मंत्रोच्चार के लिए बटुक, डमरू दल और कलाकार उपस्थित रहेंगे। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल से नौ मार्च की रात काशी पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह बीएलडब्ल्यू हेलिपैड से आजमगढ़ में जनसभा के लिए रवाना हो जाएंगे।
PM मोदी आज रात पहुंचेंगे अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में, 28 किलोमीटर का करेंगे रोड शो

