Site icon Dainik Savera Times

प्रधानमंत्री मोदी 29 नवंबर को ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर जाएंगे

Prime Minister Tour प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

Prime Minister Tour

Prime Minister Tour : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए 29 नवंबर से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 नवंबर की रात को भुवनेश्वर पहुंचेंगे और एक दिसंबर की दोपहर तक ओडिशा में रहेंगे।

पहली बार ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हो रहा है आयोजन 
उन्होंने बताया कि अपनी यात्र के दौरान प्रधानमंत्री भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में भाग लेंगे। यह आयोजन पहली बार ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हो रहा है। यह 29 नवंबर से एक दिसंबर तक तीन दिवसीय कार्यक्रम होगा। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने कहा कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के डीजीपी और सभी सुरक्षा बलों के प्रमुख इस सम्मेलन में भाग लेंगे।

राज्य इस सम्मेलन के लिए सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराएगा – खुरानिया
खुरानिया ने कहा कि राज्य इस सम्मेलन के लिए सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराएगा तथा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

आतंकवाद-रोधी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना
मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और खुफिया ब्यूरो के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सभी राज्यों के डीजीपी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और एसपीजी के प्रमुख तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि डीजीपी सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, साइबर अपराध और माओवादी खतरे, कृत्रिम मेधा (एआई) से उत्पन्न चुनौतियां, ड्रोन के नवीनतम खतरे और आतंकवाद-रोधी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Exit mobile version