नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि प्रयागराज में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को रोकने के लिए प्रशासन हर संभव कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी परिस्थिति में छात्रों की आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे।
राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस बढ़ोतरी और सीटों में कटौती का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रहा है।
सरकार युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि छात्रों की बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सवाल पूछने पर लाठीचार्ज होता है, विरोध करने पर केस दर्ज किए जाते हैं और आवाज उठाने वालों पर सख्ती की जाती है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जब से उन्होंने प्रयागराज जाकर छात्रों से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने का फैसला किया है, तब से प्रशासन उनके कार्यक्रम को रोकने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि इससे साफ़ है कि सरकार छात्रों की आवाज़ से भी डरती है। उन्होंने दोहराया कि वह छात्रों के साथ खड़े हैं और किसी भी दबाव के बावजूद उनकी आवाज़ उठाते रहेंगे।
‘भाजपा कार्यक्रम में रुकावट डाल रही, विपक्ष के नेता से डरती है’
यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रयागराज में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर विवाद चल रहा है। इससे पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि कार्यक्रम के लिए तय स्थान की अनुमति रद्द किए जाने के बावजूद आयोजन अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस कार्यक्रम में रुकावट डाल रही है क्योंकि वह विपक्ष के नेता से डरती है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब केपी कॉलेज प्रबंधन ने अपने खेल मैदान के इस्तेमाल की पहले दी गई अनुमति वापस ले ली। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि परिसर में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं और इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेशों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने भी कहा कि अनुमति रद्द होने के बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उनके अनुसार, राहुल गांधी तय समय पर छात्रों से बातचीत करेंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज महा रैली’ से की थी। इसके बाद यह अभियान उत्तराखंड के देहरादून पहुंचा और अब इसे प्रयागराज में आगे बढ़ाने की तैयारी की गई है।

