Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘BJP के कई सांसद वोट चोरी से जीते, निष्पक्ष चुनाव हों तो 140 सीटें भी मुश्किल’, राहुल गांधी का आरोप

May 6, 2026

‘BJP के कई सांसद वोट चोरी से जीते, निष्पक्ष चुनाव हों तो 140 सीटें भी मुश्किल’, राहुल गांधी का आरोप

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर चुनाव में गड़बड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में बीजेपी के 240 सांसदों में से लगभग हर छठा सांसद “वोट चोरी” करके जीता है।

ईमानदार चुनाव हों तो बीजेपी 140 सीटें भी न जीते: राहुल गांधी 

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्वीटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कभी एक सीट और कभी पूरी सरकार वोट चोरी से हासिल की जाती है। उनका दावा है कि अगर देश में पूरी तरह निष्पक्ष और ईमानदार चुनाव कराए जाएं, तो बीजेपी 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

चुनावी संस्थाओं के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया

उन्होंने बीजेपी पर चुनावी संस्थाओं के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया। राहुल के अनुसार, मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर किया जा रहा है, और जिन संस्थाओं को स्वतंत्र होना चाहिए, वे दबाव में काम कर रही हैं। राहुल गांधी ने बीजेपी की भाषा का इस्तेमाल करते हुए सवाल उठाया कि अगर कोई गलत तरीके से जीतता है, तो क्या उसे “घुसपैठिया” कहा जाना चाहिए। इसी संदर्भ में उन्होंने हरियाणा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वहां की पूरी सरकार ही “घुसपैठिया” है।

बंगाल-असम में बीजेपी की जीत पर उठाए सवाल 

इससे एक दिन पहले भी राहुल गांधी ने वेस्ट बंगाल और असम के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इन नतीजों को जनादेश की चोरी बताया और कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा है। राहुल गांधी ने तृणमूल (टीएमसी) का समर्थन करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक पार्टी की लड़ाई नहीं, बल्कि देश और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें