Site icon Dainik Savera Times

‘मुझे अपने बब्बर शेरों पर गर्व’, युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला

'If Trump says so, Modi will jump', Rahul Gandhi's scathing attack on PM Modi

'If Trump says so, Modi will jump', Rahul Gandhi's scathing attack on PM Modi

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। यह गिरफ्तारी मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में की गई।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध भारत की ऐतिहासिक विरासत है और यह हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने लिखा, “मुझे यूथ कांग्रेस में अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ देशहित में निडर होकर आवाज उठाई है।” उन्होंने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को “निडर” बताया और कहा कि सत्ता को सच दिखाना कोई अपराध नहीं, बल्कि देशभक्ति है।

 

ट्रेड डील को लेकर भी उठाए सवाल

राहुल गांधी ने हाल ही में हुए इंडिया-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते (India-US Interim Trade Agreement) के ढांचे की भी आलोचना की। उनका आरोप है कि यह समझौता देश के किसानों के हितों के खिलाफ है। टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा। भारत की डेटा सुरक्षा से समझौता करता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को सामने लाने के कारण यूथ कांग्रेस अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी “तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण” है।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई

उदय भानु चिब को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनमें धारा 196 भी शामिल है, जो धर्म, जाति, जन्मस्थान, निवास या भाषा के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़ी है। यह एक गैर-जमानती अपराध है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने सात दिन की हिरासत की मांग की है, जिस पर अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।

जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई

इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

कांग्रेस का रुख

राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अपने युवा कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा, “डरो मत- सच और संविधान हमारे साथ हैं।” यह मामला अब राजनीतिक रूप से गरमाता जा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर और तीखी बयानबाजी देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version