Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आपने भारत माता को बेच दिया’, भारत-US ट्रेड डील को लेकर पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी

February 11, 2026

‘आपने भारत माता को बेच दिया’, भारत-US ट्रेड डील को लेकर पीएम मोदी पर बरसे राहुल गांधी

नई दिल्ली: भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते (इंटरिम ट्रेड एग्रीमेंट) को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने देश के हितों से समझौता किया है और यहां तक कह दिया कि “ऐसा लगता है जैसे आपने भारत माता को बेच दिया हो।”

“ग्लोबल तूफान में भारत के हितों से समझौता”

लोकसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार खुद मानती है कि दुनिया एक बड़े वैश्विक बदलाव के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि एक सुपरपावर का दौर खत्म हो रहा है, जियोपॉलिटिकल संघर्ष बढ़ रहे हैं। ऊर्जा (एनर्जी) और वित्त (फाइनेंस) को हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बावजूद, राहुल गांधी का आरोप है कि सरकार ने अमेरिका को ऊर्जा और वित्तीय सिस्टम को इस तरह इस्तेमाल करने दिया, जिससे भारत प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा,“जब अमेरिका कहता है कि हम किसी खास देश से तेल नहीं खरीद सकते, तो इसका मतलब है कि हमारी ऊर्जा सुरक्षा बाहर से तय हो रही है। क्या आपको शर्म नहीं आती? आपने भारत के हितों से समझौता किया है। ऐसा लगता है जैसे आपने भारत माता को बेच दिया हो।”

 

“प्रधानमंत्री की आंखों में डर दिखता है”

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर बाहरी दबाव में होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि प्रधानमंत्री सामान्य हालात में ऐसा फैसला लेते, लेकिन उन पर किसी तरह का दबाव है। उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री की आंखों में डर देख सकते हैं। उन्होंने इंडिया को क्यों बेचा? क्योंकि उनकी गर्दन पकड़ी गई है।” अपने बयान में उन्होंने “एपस्टीन फाइल्स” का भी जिक्र किया और कहा कि लाखों फाइलें अभी भी सार्वजनिक नहीं हुई हैं, जिससे किसी तरह के दबाव की आशंका पैदा होती है।

 

टैरिफ और व्यापार आंकड़ों पर सवाल

राहुल गांधी ने भारत–अमेरिका व्यापार समझौते में टैरिफ (आयात शुल्क) और आयात-निर्यात के आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि भारत का औसत टैरिफ लगभग 3% से बढ़कर 18% हो गया है (छह गुना वृद्धि)। अमेरिका से भारत का आयात 46 अरब डॉलर से बढ़कर 146 अरब डॉलर होने का अनुमान है। यानी हर साल लगभग 100 अरब डॉलर अतिरिक्त आयात बढ़ाने की बात हो रही है।

उन्होंने इसे “बेतुका” बताते हुए कहा कि भारत रियायतें दे रहा है, लेकिन बदले में अमेरिका की ओर से कोई ठोस गारंटी नहीं मिल रही। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जहां भारत के टैरिफ बढ़ रहे हैं, वहीं अमेरिका के टैरिफ 16% से घटकर शून्य होने की बात कही जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें