जालंधर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भारत के मुद्दों को विदेश में जाकर उठाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है। भाजपा नेताओं ने कहा कि भारत को दोष देना और बदनाम करना राहुल गांधी का पसंदीदा शौक और खेल बन गया है। भाजपा प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा, “राहुल गांधी का मंत्र है- ‘देश को करो बदनाम और छुट्टी पर करो आराम’। भारत को दोष देना और बदनाम करना राहुल गांधी का पसंदीदा शौक और खेल बन गया है।
जब भी राहुल गांधी विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं, तो वे खुद का ही मजाक बनवाते हैं।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद को बर्बाद करने के रास्ते पर चल रहे हैं। पूरी दुनिया देख रही है कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में, जब दुनिया भर में अफरा-तफरी और संकट का माहौल है, तब भारत ने की शानदार विकास दर हासिल की है। वहीं दूसरी ओर, राहुल गांधी की इकलौती उपलब्धि यह है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी को गुमनामी के अंधेरे में धकेल दिया है।
जयवीर शेरगिल ने कहा, “मैं कांग्रेस के पूरे नेतृत्व से अपील करूंगा कि वे एक ‘राहुल गांधी ट्रैवल एंड टूर एजेंसी’ खोलें और उसकी चाबियां राहुल गांधी को सौंप दें, ताकि वे उसमें व्यस्त रहें।” राहुल गांधी को लेकर भाजपा की वरिष्ठ नेता परनीत कौर ने कहा, “अपने घर की बात का बाहर शोर नहीं किया जाता है। बाहर जाकर ऐसे बयान देना, बिल्कुल गलत है। भाजपा नेता एचएस फुल्का ने कहा, “एक संवैधानिक पद पर रहते हुए कोई अपने देश की बदनामी बाहर के देशों में करे, यह शर्मनाक है। यह संवैधानिक पद और संविधान का अपमान है।”
भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत की छवि को खराब करने की कोशिश करते हैं। जिस ढंग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत ने तरक्की की है, उसे दर्शाने की बजाय विपक्ष के नेता भारत के खिलाफ एक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करते हैं।
जनता इस बात को स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा नेता अश्वनी सेखरी ने राहुल गांधी के बारे में कहा, “अगर किसी परिवार का कोई सदस्य बाहर जाकर परिवार को बदनाम करे, तो परिवार उसके बारे में क्या सोचेगा? पूरा देश उनकी आलोचना कर रहा है और कह रहा है कि उन्हें जो भी कहना है, वह संसद में कहें। राहुल गांधी, आप संसद में जो चाहें कह सकते हैं, लेकिन देश के बाहर जाकर अपने ही देश के बारे में बुरा-भला कहना पूरी तरह से गलत है।
पूरा देश इसकी निंदा कर रहा है।” मनोरंजन कालिया ने कहा, “राहुल गांधी को भारत के राजनीतिक विषय अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नहीं रखने चाहिए। उन्हें बाहर जाकर एकता का प्रदर्शन करना चाहिए। देश के अंदर आवाज रखने का उन्हें पूरा अधिकार है।”

