नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को महाराष्ट्र में चल रहे नगर निगम चुनावों, खासकर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर कोई पार्टी धोखे या हेरफेर के जरिए सत्ता में आती है, तो ऐसे चुनावों को चुनाव नहीं कहा जा सकता।
यह भी देखें- Breaking: ਥੋੜ੍ਹੀ ਦੇਰ ‘ਚ CM ਮਾਨ ਦੀ ਪੇਸ਼ੀ, ਸਖ਼ਤ ਪ੍ਰਬੰਧ
मुंबई में वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि चुनाव में “PADU” नाम की एक नई वोटिंग मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग ने पहले किसी भी राजनीतिक दल को नहीं दी। उन्होंने कहा कि इस मशीन को लेकर बार-बार शिकायत और जानकारी मांगने के बावजूद चुनाव आयोग ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। PADU (प्रिंटिंग ऑक्सिलरी डिस्प्ले यूनिट) को वोटिंग मशीन के कंट्रोल यूनिट से जोड़ा जाता है और यह तकनीकी खराबी या आपात स्थिति में बैकअप के तौर पर काम करती है। राज ठाकरे का कहना है कि इतनी अहम मशीन को बिना जानकारी दिए चुनाव में लाना संदेह पैदा करता है।
उन्होंने VVPAT को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि पहले कहा गया था कि इसका इस्तेमाल नहीं होगा, लेकिन बाद में नई मशीनें लाई गईं। ठाकरे ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह सरकार के इशारे पर चलाई जा रही है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।
राज ठाकरे ने मतदान के दौरान होने वाली कथित अनियमितताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले वोट डालने के बाद उंगली पर लगाई जाने वाली स्याही मजबूत होती थी, लेकिन अब एक नया पेन इस्तेमाल किया जा रहा है। शिकायतें सामने आई हैं कि अगर हाथ पर सैनिटाइज़र लगाया जाए तो स्याही मिट सकती है। इससे दोबारा वोट डालने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने दावा किया कि एक व्यक्ति को दो बार वोट डालते हुए पकड़ा भी गया है।
उन्होंने कहा, “अगर कोई वोट डालकर बाहर आए, स्याही मिटाए और फिर दोबारा वोट डाल दे, तो चुनाव की पवित्रता कैसे बनी रहेगी?” राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि लिखित शिकायतें देने के बाद भी प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। MNS प्रमुख ने मतदाताओं, खासकर शिवसेना (UBT) और MNS के कार्यकर्ताओं तथा महिला समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने नए चुनाव प्रचार नियमों की भी आलोचना करते हुए कहा कि ये नियम दिखाते हैं कि सरकार किस तरह सत्ता में बने रहने के लिए चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर कर सकती है।
गौरतलब है कि शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे की MNS ने BMC चुनाव साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया है। दोनों दल “भूमिपुत्र” के मुद्दे पर एकजुट होकर देश के सबसे अमीर नगर निगम BMC पर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं। BMC के आखिरी चुनाव 2017 में हुए थे।आज महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में चुनाव हुए। इन चुनावों में मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक, ठाणे, नवी मुंबई और पिंपरी-चिंचवड़ जैसे बड़े शहर शामिल हैं।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, 29 नगर निगमों के 893 वार्डों में 2,869 सीटों के लिए 15,908 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 3.48 करोड़ मतदाता वोट डालने के योग्य हैं। पूरे राज्य में 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक हुआ, जबकि वोटों की गिनती 16 जनवरी (शुक्रवार) से शुरू होगी।
ये भी पढ़ें: Indian Army Day: बोले पीएम मोदी- भारतीय सेना के जवान निस्वार्थ सेवा-राष्ट्र रक्षा के प्रतीक, ‘हर देशवासी को गर्व’