
नेशनल डेस्क। बिहार में विधानसभा चुनाव का माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। एक तरफ एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के सभी दलों के बीच सीटों का बंटवारा तय हो गया है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन (आरजेडी, कांग्रेस और अन्य दल) में अब भी टिकट को लेकर खींचतान जारी है। वहीं, बिहार की राजधानी पटना से एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के एक नेता मदन शाह ने मधुबन सीट से टिकट न मिलने पर राबड़ी देवी के आवास के बाहर कुर्ता फाड़कर जोर-जोर से रोना शुरू कर दिया।
नेता ने लगाए ये गंभीर आरोप
मदन शाह ने मीडिया से बात करते हुए राजद नेता संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि संजय यादव ने उनसे 2.7 करोड़ रुपये की मांग की थी। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया, तो पार्टी का टिकट किसी और को दे दिया गया।
ये भी पढ़ेंः महागठबंधन को लगा बड़ा झटका, JMM बिहार में अकेले 6 सीटों पर लड़ेगा चुनाव
2020 में भी लड़े थे चुनाव
मदन शाह ने बताया कि लालू प्रसाद यादव ने उन्हें 2025 के विधानसभा चुनाव में टिकट देने का वादा किया था। उन्होंने याद दिलाया कि 2020 के चुनाव में भी वे राजद के सिंबल (चिह्न) पर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन उस बार उन्हें करीब दो हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।
टिकट न मिलने पर फूट-फूटकर रो पड़े
इस बार भी मदन शाह को पार्टी से टिकट मिलने की पूरी उम्मीद थी। इसी वजह से वे काफी समय से पटना में रहकर कोशिशें कर रहे थे। लेकिन जब पार्टी ने टिकट किसी और को दे दिया, तो वे गुस्से और दुख में कुर्ता फाड़कर रोने लगे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग मदन शाह के दुख को सही बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीति का नया ड्रामा कहकर चुटकी ले रहे हैं।