Site icon Dainik Savera Times

पहलगाम हमले में पर्यटकों को बचाते वक्त मारे गए आदिल के परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता

Rs 5 lakh assistance to the family of Adil

Rs 5 lakh assistance to the family of Adil

ठाणे : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आतंकवादी हमले में पर्यटकों की जान बचाने का प्रयास करने वाले सैयद आदिल हुसैन शाह के परिवार को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। खच्चर सेवा मुहैया कराने वाले शाह ने पहलगाम आतंकवादी हमले के दौरान पर्यटकों को बचाते हुए अपनी जान दे दी। वह अपने परिवार में कमाने वाले एकमात्र सदस्य थे।

शाह दक्षिण कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में पर्यटकों को खच्चर की सवारी कराकर अपनी आजीविका चलाते थे, जहां 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 28 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। खबरों के मुताबिक 20 वर्षीय शाह ने उसके घोड़े पर यात्रा कर रहे एक पर्यटक को बचाने की कोशिश की और यहां तक कि एक आतंकवादी से उसकी राइफल छीनने का भी प्रयास किया।

शिंदे के ठाणे स्थित कार्यालय से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक उपमुख्यमंत्री ने शाह के साहसिक कार्य से प्रभावित होकर उनके परिवार को व्यक्तिगत रूप से सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया। शिंदे महाराष्ट्र के फंसे हुए पर्यटकों की सहायता के लिए 23 अप्रैल को श्रीनगर में थे।

दुनिया के लिए एक अनूठा उदाहरण

विज्ञप्ति में कहा गया है कि शिंदे की अध्यक्षता वाले शिवसेना के कार्यकर्ताओं और सीमा संगठन के अधिकारियों ने शाह परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। उपमुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए शाह के परिवार से भी बात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें सांत्वना दी। बातचीत के दौरान उनके शाह के भाई ने हमले की भयावहता साझा की और पर्यटकों को बचाने के लिए युवक द्वारा किए गए साहसिक कार्यों की जानकारी दी।

शिंदे ने शाह के अदम्य साहस और मानवता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसका यह कदम ‘‘दुनिया के लिए एक अनूठा उदाहरण है।’’ उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि उनके बेटे का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। विज्ञप्ति के मुताबिक शिंदे ने शाह के जीर्ण-शीर्ण घर के पुर्निनर्माण में मदद कर परिवार को आगे भी सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

Exit mobile version