Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘SIT करेगी निष्पक्ष जांच, कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले उपदेश न दें’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले सीएम योगी

June 19, 2026

‘SIT करेगी निष्पक्ष जांच, कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले उपदेश न दें’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले सीएम योगी

Ram Mandir chadhava Matter: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच टीम पूरी सच्चाई सामने लाएगी और “दूध का दूध, पानी का पानी” कर देगी। सपा पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले उपदेश न दें।

कोई टिप्पणी न करे, जिससे राम भक्तों की भावनाएं आहत हों

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से मिली थी। इसके बाद राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने तुरंत SIT जांच के आदेश दिए। उन्होंने सभी पक्षों से अपील की कि जांच पूरी होने तक कोई भी ऐसी टिप्पणी न करे, जिससे राम भक्तों की भावनाएं आहत हों।

स्वतंत्रता संग्राम और वीरांगनाओं के योगदान का भी उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने देश के स्वतंत्रता संग्राम और वीरांगनाओं के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति के बाद अंग्रेजों ने देश के युवाओं को दबाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय युवाओं ने चौरी-चौरा और काकोरी जैसी घटनाओं के जरिए आजादी की लड़ाई को मजबूत किया। उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई के साहस को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी थी।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उनकी सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई, अवंतीबाई और ऊदा देवी पासी जैसी वीरांगनाओं के सम्मान में कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि इन वीरांगनाओं के नाम पर प्रदेश में पीएसी की तीन महिला बटालियन बनाई गई हैं, जिनमें केवल बेटियों की भर्ती की जाएगी।

सपा पर भी तीखा हमला बोला

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज राम भक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं, वही लोग पहले कारसेवकों पर गोली चलवा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकारों में विकास कार्यों की कमी रही और गरीबों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पाती थीं।

योगी ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों के लिए मुफ्त शौचालय, राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारों की प्राथमिकता केवल अपना परिवार था, जबकि उनकी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राष्ट्र नायकों और वीरांगनाओं के सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से प्रेरणा लेने का अवसर दिया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें