लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) ने विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस ‘इंडिया’ के सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए रविवार को चार सदस्यीय समिति का गठन किया। पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक बयान जारी कर बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस समिति का गठन किया है।
बयान के अनुसार, समिति में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन को शामिल किया गया है। पार्टी ने बताया कि यह समिति ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत करेगी और इस पूरी प्रक्रिया का संचालन करेगी।
यह कदम उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत उठाया गया है। चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुकाबले विपक्षी दलों के बीच चुनावी तालमेल और सीट बंटवारे को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। समिति गठबंधन के घटक दलों के साथ समन्वय स्थापित करने और सीट बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की जिम्मेदारी संभालेगी।

