Site icon Dainik Savera Times

‘भवानीपुर में ममता की हार का बदला लिया गया’, बेटे की हत्या पर मां ने TMC पर लगाए गंभीर आरोप

mother said Mamata's defeat Bhawanipur avenged

mother said Mamata's defeat Bhawanipur avenged

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। चंद्रनाथ रथ की मां हसिरानी रथ ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की हत्या राजनीतिक बदले की भावना से की गई है।

भवानीपुर में मीडिया से बात करते हुए हसिरानी रथ भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल इंसाफ चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं एक मां हूं, इसलिए किसी की मौत नहीं चाहती, लेकिन दोषियों को उम्रकैद की सजा मिलनी चाहिए।”

“भवानीपुर में ममता की हार का बदला लिया गया”

चंद्रनाथ रथ की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह भाजपा के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ को भवानीपुर और नंदीग्राम सीटों की जिम्मेदारी दी गई थी और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, “शुभेंदु अधिकारी द्वारा ममता बनर्जी को हराने के बाद से हमारा परिवार खतरे में था। अगर मेरा बेटा किसी हादसे में मरता तो इतना दुख नहीं होता, लेकिन जिस तरह गुंडों ने उसकी हत्या की, वह बेहद दर्दनाक है। मेरे बेटे की हत्या कर ममता की हार का बदला लिया गया है। मां ने मांग की दोषियों को उम्रकैद की सजा मिलनी चाहिए।”

 

TMC नेताओं के बयानों पर भी जताई नाराजगी

हसिरानी रथ ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता लगातार शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे थे, लेकिन दूसरी ओर सत्ताधारी दल के कुछ नेता भड़काऊ बयान दे रहे थे। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने कहा था कि “4 मई के बाद दिल्ली का कोई नेता बीजेपी कार्यकर्ताओं को नहीं बचा पाएगा।”

परिवार ने मांगी सख्त सजा

चंद्रनाथ रथ के छोटे भाई देव कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी आखिरी बार अपने भाई से बात हुई थी। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ की किसी से निजी दुश्मनी नहीं थी। देव कुमार ने कहा, “जिसने भी यह साजिश रची है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। दोपहर में बातचीत के बाद वह मध्यममार्ग से कोलकाता के लिए निकले थे।”

बीजेपी ने बताया राजनीतिक हत्या

बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने इस घटना को राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से आए, रास्ता रोका और फिर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। वहीं, शुभेंदु अधिकारी ने इसे “सुनियोजित साजिश” करार दिया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) के अनुसार, यह हत्या पहले से प्लान की गई थी। आरोपियों ने घटना से पहले कई दिनों तक इलाके की रेकी की थी और फिर वारदात को अंजाम दिया।

Exit mobile version