Site icon Dainik Savera Times

Bengal: फालता में मतगणना से पहले तनाव, लोगों का TMC नेताओं पर धमकी देने का आरोप; भारी सुरक्षा तैनात

Tension prevails Falta ahead vote counting people TMC leaders threatening them

Tension prevails Falta ahead vote counting people TMC leaders threatening them

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता इलाके में शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। यहां स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि मतगणना से पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कुछ कार्यकर्ता उन्हें डराने और धमकाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रदर्शन करने वाले लोगों ने दोबारा मतदान (पुनर्मतदान) की मांग की। उनका कहना है कि उन्हें स्वतंत्र और सुरक्षित माहौल में वोट देने का मौका नहीं मिला। उन्होंने यह भी मांग की कि पूरे इलाके में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को संवेदनशील जगहों पर लगाया गया है। सुरक्षा बढ़ाने के लिए एक बख्तरबंद वाहन भी तैनात किया गया है।

 

TMC नेता हमें धमक दे रहे, घर जला दिए जाएंगे: महिलाएं 

विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें धमकाया है। एक महिला ने कहा कि एक स्थानीय टीएमसी नेता ने धमकी दी कि अगर उनके समर्थक जीत गए, तो उनके घर जला दिए जाएंगे और हिंसा हो सकती है। एक अन्य महिला ने बताया कि उन्होंने पहले भी टीएमसी को वोट दिया था, फिर भी उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

वहीं एक अन्य व्यक्ति ने आरोप लगाया कि एक स्थानीय नेता अपने साथ कई लोगों को लेकर मोटरसाइकिल से गांव आया और लोगों को डराया-धमकाया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि धमकी से जुड़े एक मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और लोगों की मांगों को सुना जा रहा है।

15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान चल रहा

इस बीच, चुनाव आयोग के आदेश पर दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहट पश्चिम और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान भी चल रहा है। दोपहर 2 बजे तक मगराहट पश्चिम में 56.33% और डायमंड हार्बर में 54.9% मतदान दर्ज किया गया, जबकि कुल मतदान 55.57% रहा।

Exit mobile version