Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा महायुति सरकार के शपथग्रहण से एक दिन पहले की जाएगी

December 2, 2024

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा महायुति सरकार के शपथग्रहण से एक दिन पहले की जाएगी

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले बुधवार को की जाएगी। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद की जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया, जिसमें विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे।

बुधवार को भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों से करेंगे मुलाकात
भाजपा पदाधिकारी ने बताया, ‘‘रूपाणी और सीतारमण बुधवार को मुंबई में भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस बैठक के बाद, चुने गए उम्मीदवार का नाम दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं को भेजा जाएगा। इसके बाद ये पर्यवेक्षक भाजपा के निर्वाचित नेता की घोषणा करेंगे, जो अगला मुख्यमंत्री बनेगा।’’
भाजपा ने पहले ही घोषणा कर दी है कि नया मुख्यमंत्री पांच दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में मुंबई के आजाद मैदान में शपथ लेगा।
हालांकि पार्टी ने कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम तय हो गया है।

महायुति ने 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट पर जीत दर्ज की
महायुति गठबंधन में भाजपा के दो मुख्य सहयोगी दलों शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, को नयी सरकार में उपमुख्यमंत्री पद दिए जाने की संभावना है।
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा के फैसले का समर्थन करेंगे।
हाल ही में संपन्न राज्य चुनाव में महायुति ने 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा 132 सीट के साथ आगे रही, जबकि शिवसेना को 57 और राकांपा को 41 सीट मिलीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें