Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Video: ‘चोर-चोर, TMC चोर’, फ्लाइट में महुआ मोइत्रा के खिलाफ लगे नारे

May 8, 2026

Video: ‘चोर-चोर, TMC चोर’, फ्लाइट में महुआ मोइत्रा के खिलाफ लगे नारे

नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने इंडिगो की एक फ्लाइट में अपने साथ हुई नारेबाजी और कथित उत्पीड़न को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना उस समय हुई जब वह रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E 719 में हुई। उनके अनुसार, जैसे ही फ्लाइट लैंड हुई और यात्री उतरने की तैयारी कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें देखकर जोर-जोर से नारे लगाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग “चोर-चोर, TMC चोर”, “पिशी चोर” और “भाईपो चोर” जैसे नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। ये नारे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को निशाना बनाकर लगाए गए बताए जा रहे हैं।

 

कुछ लोगों ने डराने और अपमानित करने की कोशिश की

महुआ मोइत्रा ने इस घटना को सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि उत्पीड़न बताया। उन्होंने कहा कि विमान के अंदर इस तरह की हरकत उनकी सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर उन्हें डराने और अपमानित करने की कोशिश की। टीएमसी सांसद ने अपने पोस्ट में कहा कि यह “जनता का गुस्सा” नहीं बल्कि सोची-समझी बदसलूकी थी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति अब आम होती जा रही है।

DGCA के पास दर्ज कराई शिकायत 

महुआ मोइत्रा ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस मामले को नजरअंदाज किया और सीधे संसदीय बैठक में शामिल हो गईं। लेकिन बाद में जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बोलने और DGCA में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। DGCA को दी गई शिकायत में उन्होंने मांग की कि फ्लाइट के अंदर इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें