Site icon Dainik Savera Times

CM के पीए हत्याकांड में CBI की बड़ी कार्रवाई, बलिया से तीसरे आरोपी गोलू सिंह की गिरफ्तारी

CM PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में सीबीआई लगातार जांच को आगे बढ़ा रही है। इस चर्चित हत्याकांड में अब तीसरे आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई की टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से पकड़ा और 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लेकर रवाना हो गई है।

जांच एजेंसी के अनुसार, गोलू सिंह से पूछताछ के जरिए हत्या की साजिश और उसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। सीबीआई पहले से गिरफ्तार आरोपियों से भी लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। इससे पहले सीबीआई ने बलिया निवासी राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद एजेंसी उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और सहयोगियों की गतिविधियों की जांच कर रही थी। इसी जांच के दौरान गोलू सिंह का नाम सामने आया।

मोनू के सरेंडर के बाद गोलू सिंह गिरफ्तार 

गुरुवार को मामले में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम हुआ। राजकुमार सिंह के करीबी दोस्त ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मोनू ने गैंगस्टर एक्ट के एक पुराने मामले में बलिया कोर्ट में सरेंडर कर दिया। मोनू के सरेंडर करने के कुछ ही घंटों बाद सीबीआई ने गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इससे जांच का दायरा और बढ़ गया है। सीबीआई ने बताया कि गोलू सिंह को कोलकाता ले जाकर विस्तार से पूछताछ की जाएगी। एजेंसी यह जानने का प्रयास कर रही है कि हत्या की योजना में उसकी क्या भूमिका थी और वह किन लोगों के संपर्क में था।

इस मामले में 21 मई 2026 को सीबीआई ने बलिया के फेफना क्षेत्र से नवीन कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया था। इसके अलावा जांच के दौरान सीबीआई और पुलिस की संयुक्त टीम ने कथित शूटर राज सिंह उर्फ चंदन समेत कई अन्य आरोपियों को उत्तर प्रदेश और बिहार के बक्सर से गिरफ्तार किया था।

सीबीआई इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही

फिलहाल सीबीआई इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। कई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश और इसके पीछे के मास्टरमाइंड से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।

Exit mobile version