Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

तमिलनाडु: TVK प्रमुख विजय ने राज्यपाल से की मुलाकात, सरकार बनाने का दावा पेश किया

May 6, 2026

तमिलनाडु: TVK प्रमुख विजय ने राज्यपाल से की मुलाकात, सरकार बनाने का दावा पेश किया

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से राजभवन में मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

कांग्रेस ने DMK छोड़कर दिया समर्थन

इस बीच, कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने पुराने सहयोगी डीएमके से गठबंधन तोड़ दिया है। कांग्रेस ने अब विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने का एलान किया है। इस फैसले के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेन्नई स्थित मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में जश्न मनाया और पटाखे फोड़े।

तमिलनाडु कांग्रेस के प्रभारी गिरीश चोडानकर ने बताया कि उन्होंने अपने नेताओं और विधायकों के साथ विजय से मुलाकात की और उन्हें पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस फैसले की जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को दी गई, जिन्होंने इस समर्थन को मंजूरी दी।

क्या TVK सरकार बना पाएगी?

अब सवाल यह है कि क्या TVK सरकार बना पाएगी? तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का बहुमत चाहिए। चुनाव में TVK को 108 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस के पास 5 विधायक हैं। दोनों को मिलाकर कुल 113 सीटें होती हैं, जो बहुमत से 5 कम हैं।

इसका मतलब है कि सिर्फ कांग्रेस के समर्थन से TVK अभी सरकार नहीं बना सकती। बहुमत हासिल करने के लिए पार्टी को कम से कम 5 और विधायकों का समर्थन जुटाना होगा। अब देखना होगा कि विजय आगे किन दलों या निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल कर पाते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें