Site icon Dainik Savera Times

मुंबई में PM मोदी के कार्यक्रम से पहले 2 संदिग्ध पकड़े गए, फर्जी PMO ID और बंदूक बरामद

PM Modi's strong message on terrorism at SCO Summit

PM Modi's strong message on terrorism at SCO Summit

नेशनल डेस्क: मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में से एक ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास से PMO की एक पहचान पत्र (ID) बरामद हुई। जांच में यह ID फर्जी पाई गई। वहीं, दूसरे संदिग्ध के पास से बंदूक बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की

हथियार मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों का पता लगाने की कोशिश है कि दोनों संदिग्ध फर्जी पहचान पत्र और हथियार लेकर कार्यक्रम स्थल पर क्यों पहुंचे थे और उनका मकसद क्या था। हिरासत में लिए गए एक संदिग्ध की पहचान रोहन पारेख के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, दोनों आरोपियों की भूमिका और उनके मकसद को लेकर जांच अभी जारी है।

आज ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन करेंगे मोदी 

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई के BKC स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करने वाले हैं। प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। ऐसे में उनके कार्यक्रम से ठीक पहले दो संदिग्धों के पकड़े जाने और एक के पास से फर्जी PMO ID तथा दूसरे के पास से बंदूक मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों संदिग्धों का आपस में कोई संबंध था या नहीं और वे किसी बड़ी साजिश के तहत कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे थे या किसी अन्य वजह से वहां मौजूद थे।

Exit mobile version