नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हरिद्वार में आयोजित संत सम्मेलन में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम सप्त सरोवर रोड पर भारत माता मंदिर के पास सप्तऋषि आश्रम ग्राउंड में हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में काफी तरक्की की है और अब वह भारत की अर्थव्यवस्था में एक बड़ी भूमिका निभा रहा है।
यह भी पढ़ें: नेपाल सीमा के पास बरात की बस खाई में गिरी, 13 की मौत… 34 घायल
CM योगी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश को “बीमारू राज्य” कहा जाता था, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अब राज्य में न दंगे होते हैं और न ही कर्फ्यू लगता है। उन्होंने कहा, “आज उत्तर प्रदेश तरक्की के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। अब यूपी में कानून-व्यवस्था बेहतर है और सब कुछ ठीक चल रहा है।”
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ये दोनों धाम केवल धार्मिक या आध्यात्मिक केंद्र ही नहीं हैं, बल्कि देश की राष्ट्रीय चेतना के भी केंद्र हैं। यहीं से देश को ऊर्जा और दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन धार्मिक स्थलों की विरासत का सम्मान किया है और उनकी सुरक्षा भी की है।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री एमएल खट्टर और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ गुरुदेव समाधि मंदिर में मूर्ति स्थापना भी की गई।
यह भी पढ़ें: अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यहां मौजूद सभी संत, गुरु और श्रद्धालु सनातन संस्कृति और चेतना के सजीव प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि गंगा के पवित्र तट पर स्थित सप्तऋषि क्षेत्र में एकत्र होकर संत समाज देश और संस्कृति के लिए अमूल्य योगदान दे रहा है। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, योग गुरु बाबा रामदेव, जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत, महंत, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...