Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Uttar Pradesh : सरकार ने मार्च 2025 तक TB के खात्मे के लिए विशेष अभियान शुरू किया

December 22, 2024

Uttar Pradesh : सरकार ने मार्च 2025 तक TB के खात्मे के लिए विशेष अभियान शुरू किया

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने अगले वर्ष मार्च तक प्रदेश को ‘TB मुक्त’ बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। रविवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में टीबी (तपेदिक) के खात्मे के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है, जो 24 मार्च 2025 तक जारी रहेगा। बयान में बताया गया कि अभियान के जरिये टीबी रोगियों की पहचान, इलाज और पुनर्वास की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जनता की भागीदारी व समग्र दृष्टिकोण अपनाना है और यह स्वस्थ व समृद्ध उत्तर प्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बयान के मुताबिक, इस अभियान के तहत 15 जिले में खासतौर पर टीबी रोगियों की पहचान, इलाज और जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बयान में बताया गया कि इन जिलों में अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, देवरिया, इटावा, अमेठी, बस्ती, फरुखाबाद, हाथरस, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रायबरेली, रामपुर, सिद्धार्थनगर, सुल्तानपुर शामिल हैं, जहां टीबी के मामलों की दर अपेक्षाकृत अधिक है।

उपचार और बेहतर देखभाल के जरिए टीबी से होने वाली मौतों को कम करना है
अभियान में टीबी के उन रोगियों को खोजने पर जोर दिया जा रहा है, जिनकी अब तक पहचान नहीं हुई है। इस अभियान के तहत उपचार और बेहतर देखभाल के जरिए टीबी से होने वाली मौतों को कम करना है। बयान के मुताबिक, इस अभियान के तहत सात दिसंबर से 19 दिसंबर के बीच 27,00,377 लोगों की जांच की गई जबकि 35,451 व्यक्तियों का माइक्रोस्कोपी और 26,642 व्यक्तियों का एनएएटी परीक्षण किया गया। बयान में बताया गया कि इस दौरान 2,20,520 टीबी रोगियों को चिह्न्ति किया गया। बयान के मुताबिक, वहीं निक्षय पोषण योजना के तहत 49,850 टीबी रोगियों को लाभ पहुंचाया गया और 1,96,520 लोगों को टीबी से बचाव के लिए उपचार दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें