Site icon Dainik Savera Times

क्या नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे? बिहार की राजनीति में अटकलें तेज

will-nitish-kumar-go-to-rajya-sabha

will-nitish-kumar-go-to-rajya-sabha

नेशनल डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर इन दिनों नई चर्चा शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि वे मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जा सकते हैं और फिर से राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं। यह चर्चा खासकर होली के दिन तेजी से फैल गई। दिलचस्प बात यह रही कि इन अटकलों की जानकारी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कई नेताओं को भी पहले सोशल मीडिया और फिर मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली।

राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा में देरी से बढ़ी चर्चा

राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर दी थी। वहीं, एनडीए के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने भी अपने अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी। उम्मीद थी कि जदयू भी उसी दिन अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी देरी के कारण राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की बातें फैलने लगीं। कहा जाने लगा कि जदयू की एक सीट पर खुद नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं।

निशांत कुमार को लेकर भी अटकलें

होलिका दहन की शाम से एक और चर्चा जोर पकड़ने लगी कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा के जरिए राजनीति में लाया जा सकता है। कुछ खबरों में तो यहां तक कहा गया कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है- सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया जाए और निशांत को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी दी जाए। हालांकि, जब मीडिया ने जदयू नेताओं से इस बारे में सवाल किया तो ज्यादातर ने इसे होली की अफवाह बताते हुए टाल दिया।

बिहार से राज्यसभा के दावेदार कौन?

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें बिहार से पार्टी के नेता नितिन नवीन का नाम शामिल है। वहीं, एनडीए की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को भी उम्मीदवार बनाया गया है। जदयू की बात करें तो पार्टी के पास दो सीटें हैं। एक सीट पर केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को दोबारा भेजे जाने की संभावना है। दूसरी सीट को लेकर ही सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। इसी सीट के लिए नीतीश कुमार का नाम सामने आ रहा है।

अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं

अब तक नीतीश कुमार या जदयू की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इसलिए फिलहाल यह सब राजनीतिक अटकलें ही मानी जा रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो यह बिहार और राष्ट्रीय राजनीति दोनों के लिए बड़ा बदलाव होगा। फिलहाल सबकी नजर जदयू की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।

Exit mobile version