Site icon Dainik Savera Times

‘काम के बदले दाम देना होगा, अन्यथा सरकार करेगी इलाज’, श्रमवीर गौरव समारोह में CM योगी की सख्त चेतावनी

CM Yogi's strict warning at the Shramveer Gaurav ceremony

CM Yogi's strict warning at the Shramveer Gaurav ceremony

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा और ‘काम के बदले दाम देना ही होगा, अन्यथा सरकार ऐसे लोगों का काम तमाम करेगी।’

मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए

इस दौरान उन्होंने श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा विभिन्न जिलों से आए श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूलकिट वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 75 श्रमिकों में से पांच को मंच पर विशेष रूप से टूलकिट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए और प्रयागराज व झांसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘उद्यम प्रदेश’ के रूप में देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। 1947 से 2017 तक जहां प्रदेश में लगभग 14 हजार उद्योग स्थापित हुए, वहीं 2017 के बाद अब तक 18 हजार से अधिक नए उद्योग लगे हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।

कोरोना काल का जिक्र कर विपक्ष को घेरा 

कोरोना काल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि उस कठिन समय में जब कई नेता निष्क्रिय थे, तब सरकार ने आगे बढ़कर श्रमिकों के लिए व्यापक इंतजाम किए। प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए हजारों बसें चलाई गईं और उनके भोजन व आवास की निशुल्क व्यवस्था की गई। साथ ही राशन कार्ड बनवाकर मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया, जो आज भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं और अब बड़ी संख्या में लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों में सेंध लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहल का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

Exit mobile version