Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व मंत्री की पत्नी का CM Mann को E-Mail, कहा – ‘आपके विधायक जांच को कर रहे प्रभावित’

January 14, 2024

पूर्व मंत्री की पत्नी का CM Mann को E-Mail, कहा – ‘आपके विधायक जांच को कर रहे प्रभावित’

लुधियाना: नगर निगम में धोखाधड़ी कर सरकारी फंड फर्जी मुलाजिमों के बैंक खातों में ट्रांसफर करने के मामले में भले ही 7 मुलाजिमों को आरोपी ठहराते हुए एफ.आई.आर. दर्ज करवा दी गई है लेकिन यह विवाद यहीं पर थमता दिखाई नहीं दे रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु की पत्नी एंव पूर्व पार्षद ममता आशु ने मुख्यमंत्री को ई-मेल भेज दी है। मुख्यमंत्री को भगवंत मान को भेजे गए ई-मेल में ममता आशु ने आरोप लगाया है कि नगर निगम में हुए फर्जीवाड़े की जांच को निगम प्रशासन आगे बढ़ाना चाहता है, परंतु आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक अफसरों पर दबाव बनाकर इस जांच को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं ताकि इस मामले को यहीं रफा-दफा किया जा सके।

मुख्यमंत्री को इस संदर्भ में भेजे गए ई-मेल की पुष्टि ममता आशु ने की है। ममता आशु का कहना है कि कैग की रिपोर्ट के बाद हुई जांच में यह स्पष्ट हो ही गया है कि नगर निगम के कुछ अधिकारी व क्लर्क मिलीभुगत कर डम्मी मुलाजिमों के बैंक खातों में सरकारी फंड को गैर तरीके से ट्रांसफर कर रहे थे तो यकीनन इस कांड के मुख्यकर्ताधर्ता तक पहुंचने के लिए भी जांच को आगे बढ़ाया जाना चाहिए था, परंतु ऐसा हो नहीं रहा है। ममता आशु ने अंदेशा जताया है कि जिस तरीके से सत्ताधारी दल के कुछ विधायक इस जांच को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं तो यकीनन इस कांड में प्रभावशाली लोग भी शामिल है। अब यह जांच होनी लाजिमी है कि धोखाधड़ी कर फर्जी मुलाजिमों के बैंक खातों में ट्रांसफर होने वाली धनराशि की बंदरबांट किन-किन में होती रही हैं?

घपला उजागर करने वालों को मुंह बंद रखने के दिए जा रहे ऑफर!
फर्जीवाड़े के मामले में 7 मुलाजिमों पर एफ.आई.आर. दर्ज होने के बाद इस घोटाले में शामिल कुछ लोग अभी पर्दे के पीछे ही बताए जा रहे हैं। मामला पुलिस तक पहुंच जाने के बाद से चर्चाएं सुनने को मिल रही है कि नगर निगम में फर्जी मुलाजिमों का घपला उजागर करने वालों को अब अपना मुंह बंद रखने के लिए तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। इन चर्चाओं की हम पुष्टि नहीं करते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें