Two Alleged SFJ Associates Arrested in Jalandhar : जालंधर। कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े होने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने रेड क्रॉस भवन की बाहरी दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में होशियारपुर के चब्बेवाल क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से तोड़फोड़ के मामले में भी कथित संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस कमिश्नर जालंधर सतिंदर सिंह IPS ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह और राजदीप सिंह, दोनों निवासी गांव निहालूवाल, जालंधर देहात, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट व NDPS एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। 29 सितंबर को रेड क्रॉस भवन की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले थे।
इसके बाद SFJ से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर इस संबंध में वीडियो भी जारी की गई थी। सीपी सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले में थाना डिवीजन नंबर-6 में 29 सितंबर को FIR नंबर 301 दर्ज कर जांच शुरू की गई। DCP सिटी आदित्य एस. वारियर और DCP इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों की निगरानी में पुलिस टीमों ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने 14-15 सितंबर की रात होशियारपुर के चब्बेवाल क्षेत्र के गांव बाड़ियां कलां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से तोड़फोड़ करने की बात भी कबूल की है।
इस मामले में थाना चब्बेवाल में पहले ही FIR दर्ज है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

