Site icon Dainik Savera Times

मंडी में ₹1.17 करोड़ से बनेगा नया भवन, विधायक ने रखा नींव पत्थर

₹1.17 Crore Mandi Building to Come Up : मोगा। नई दाना मंडी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने ₹1.17 करोड़ की लागत से बनने वाले नए मंडी भवन का नींव पत्थर रखा। भवन का निर्माण एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें किसानों और आढ़तियों की बैठकों, प्रशासनिक कार्यों तथा सामाजिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों के विश्राम और अन्य जरूरी सहूलियतों का भी प्रबंध किया जाएगा।

 इस अवसर पर मोगा मार्केट कमेटी के चेयरमैन हरजिंदर सिंह रोडे, पंजाब मंडी बोर्ड के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान और आढ़ती उपस्थित रहे।इस दौरान शिलान्यास समारोह के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मोगा की दाना मंडी क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था की प्रमुख धुरी है। लंबे समय से यहां आने वाले किसानों और आढ़तियों को औपचारिक बैठकों, प्रशासनिक कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक सुसज्जित परिसर की आवश्यकता थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/10/498499-1.mp4

उन्होंने बताया कि इस आधुनिक भवन के निर्माण के लिए 1.17 करोड़ की राशि जारी कर दी गई है। संबंधित विभाग व ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना इसे निर्धारित एक वर्ष की समयावधि के भीतर पूरा किया जाए। विधायक डॉ. अरोड़ा ने नए भवन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि परिसर में किसानों और आढ़तियों की बैठकों व आपसी विचार-विमर्श के लिए बड़ा हॉल तैयार किया जाएगा। मंडी से जुड़ी प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के लिए सभी जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

फसल खरीद सीजन के दौरान दूर-दराज से अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों के लिए विश्राम और अन्य जरूरी सहूलियतों की पुख्ता व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों और व्यापारियों को पारदर्शी, सुरक्षित और सुगम माहौल उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध है। प्रदेश भर की मंडियों के आधारभूत ढांचे को आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जा रहा है ताकि सीजन के दौरान किसी भी वर्ग को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस मौके पर मार्केट कमेटी चेयरमैन हरजिंदर सिंह रोडे और उपस्थित आढ़तियों ने विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए भवन के निर्माण से मंडी का कामकाज पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुचारू होगा।

 

Exit mobile version