₹11 Lakh Road Project Launched in Bathinda : बठिंडा। गोदारा कॉलोनी में करीब 35 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्रीमिक्स सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ। मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने वार्ड नंबर 50 में करीब 11 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य का शुभारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बठिंडा के मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने एमसी सुखदेव सिंह के वार्ड नंबर 50 की गोदारा कॉलोनी में प्रीमिक्स सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि गोदारा कॉलोनी में करीब 35 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे इलाका निवासियों के लिए यह कार्य बेहद महत्वपूर्ण है। करीब 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के पूरा होने के बाद कॉलोनी के लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी तथा रोजमर्रा के आवागमन में पेश आने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाना है। लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के साथ-साथ सड़कों, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइटों और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का लक्ष्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है और नगर निगम बठिंडा भी इसी भावना के साथ शहर के विकास को आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े प्रोजेक्टों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक गली और मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है। मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि किसी भी शहर के विकास में अच्छी सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सड़कें बेहतर होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती है, क्षेत्र की सुंदरता बढ़ती है और स्थानीय निवासियों को रोजाना की परेशानियों से राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि गोदारा कॉलोनी में शुरू हुआ यह कार्य क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा ‘आधुनिक बठिंडा’ के विजन के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। निगम का प्रयास है कि विकास का लाभ शहर के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जहां भी लोगों की लंबे समय से कोई बुनियादी समस्या लंबित है, उसे प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मेयर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य करवाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने इलाका निवासियों से भी अपील की कि विकास कार्यों की देखरेख में नगर निगम का सहयोग करें और अपने क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दें।

