
मोगा: पंजाब सरकार की ओर से शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे ‘स्वच्छ अभियान पंजाब’ के तहत मोगा जिले में 29 अगस्त से 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को सुबह 7 बजे गीता भवन चौक, मोगा से होगी। अभियान की तैयारियों को लेकर सरकारी रेस्ट हाउस मोगा में विधायक मोगा डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, विधायक निहाल सिंह वाला मनजीत सिंह बिलासपुर और डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सफाई व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है। स्वच्छ वातावरण न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने जिले के लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की।
विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अभियान का हिस्सा बनने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि 10 दिवसीय अभियान के दौरान नगर निगम मोगा, नगर परिषद बाघापुराना, नगर परिषद धर्मकोट तथा नगर पंचायत बधनी कलां, निहाल सिंह वाला, कोट ईसे खां और फतेहगढ़ पंजतूर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरों और कस्बों के मुख्य बाजारों, सड़कों, चौकों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों सहित अन्य प्रमुख स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी जरूरी प्रबंध पहले से पूरे किए जाएं। सफाई कार्यों के साथ-साथ पर्याप्त मानव संसाधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। बैठक में नगर निगम मोगा की मेयर विनयपाल कौर, नगर निगम कमिश्नर गुरविंदर सिंह जौहल, एसडीएम मोगा सतविंदरपाल सिंह रणीके, एसडीएम बाघापुराना अमरीक सिंह, एसडीएम निहाल सिंह वाला गगनदीप सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान अभियान के तहत किए जाने वाले सफाई कार्यों, कर्मचारियों की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...