संगरूर : राहुल गांधी की बुधवार को फग्गुवाला में हुई रैली के बाद कांग्रेस से जुड़े 100 परिवार आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। विधानसभा हलका संगरूर की विधायक नरिंदर कौर भराज ने इन परिवारों का पार्टी में स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। विधायक भराज ने कहा कि इन परिवारों के पार्टी में शामिल होने से हलका संगरूर में पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने नए शामिल हुए परिवारों से स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अपने क्षेत्रों की जरूरतों और समस्याओं को सामने लाने का आह्वान किया, ताकि संबंधित विभागों के साथ तालमेल करके उनका समाधान किया जा सके।
भराज ने कहा कि हलके के गांवों और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने में स्थानीय निवासियों की राय महत्वपूर्ण है। लोगों के सुझाव क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को समझने में मदद करते हैं। विधायक ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नए सदस्यों को स्थानीय स्तर की गतिविधियों में साथ लेकर चलें और लोगों तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए परिवारों का धन्यवाद करते हुए कहा कि हलके के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी के सहयोग से काम किया जाएगा। इस अवसर पर संगठन प्रभारी विक्रम नरटे, प्रधान अवतार तारी, एमसी विक्की संगरूर, सुखविंदर मान, लखा फग्गूवाला, एमसी राज नफरिया, तेजविंदर सिंह, चमकौर खेड़ी चंदवा सहित अन्य उपस्थित थे।

