Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

त्यौहारी सीजन को लेकर सेहत विभाग अलर्ट, जालंधर में डेयरी उत्पादों की जांच के दौरान 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम सील

August 6, 2026

त्यौहारी सीजन को लेकर सेहत विभाग अलर्ट, जालंधर में डेयरी उत्पादों की जांच के दौरान 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम सील

जालंधर: शहर में त्यौहारी सीजन शुरू होते ही सेहत विभाग की टीम एक्शन मोड में आ गई है। सेहत विभाग की अधिकारी कंवलप्रीत कौर बराड़ और डिप्टी कमिश्नर वरिजीत वालिया के दिशा-निर्देशों तथा सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग के आदेशों की पालना करते हुए बुधवार सुबह फूड सेफ्टी टीम ने शहर की विभिन्न डेयरी इकाइयों पर अचानक छापेमारी की।

फूड कमिश्नर रजिंदर पाल सिंह की अगुवाई में फूड सेफ्टी अधिकारियों मुकुल गिल, रॉबिन कुमार और रवि नंदन गोयल की टीम ने जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स और मॉडल हाउस स्थित एक पनीर सप्लायर की दुकान की जांच की। टीम ने मॉडल हाउस स्थित चावला डेयरी की बारीकी से जांच की, जहां से शहर में पनीर सप्लाई किया जाता है। इस दौरान डेयरी मालिक से दूध और दूध से बने उत्पादों की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड मांगा गया।

डेयरी मालिक ने बताया कि दूध से जुड़े उत्पादों का निर्माण काला संघिया रोड स्थित स्थान पर किया जाता है। इसके बाद टीम ने बताए गए पते पर जाकर काला संघिया रोड स्थित यूनिट की भी जांच की। जांच में सामने आया कि वहां केवल घी और दही तैयार किया जा रहा था, जबकि पनीर का निर्माण नहीं किया जा रहा था। डेयरी मालिक द्वारा संतोषजनक जवाब न दिए जाने के बाद टीम ने पनीर, क्रीम, घी और दही के कुल पांच नमूने लिए।

पनीर और क्रीम में मिलावट की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद करीब 1000 किलो पनीर और 68 किलो क्रीम के स्टॉक को सील कर जब्त कर लिया गया। इसके अलावा टीम ने जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स स्थित राधे डेयरी, लवली डेयरी और सतपाल डेयरी से भी तीन दूध और एक घी के नमूने एकत्र किए। फूड सेफ्टी टीम द्वारा कुल नौ नमूने जांच के लिए स्टेट फूड लैबोरेटरी भेज दिए गए हैं। वहीं, सील किए गए स्टॉक के नमूनों की रिपोर्ट जल्द उपलब्ध करवाने के लिए फूड एनालिस्ट को पत्र लिखा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें