Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

धान खरीद की तैयारी, 114 मंडियों में 13 लाख मीट्रिक टन आमद का अनुमान

September 25, 2026

धान खरीद की तैयारी, 114 मंडियों में 13 लाख मीट्रिक टन आमद का अनुमान

114 Mandis Ready for Paddy Procurement : मोगा। धान खरीद सीजन को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीसी (जनरल) जसपिंदर सिंह ने खरीद एजेंसियों और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मंडियों में व्यवस्थाओं, लेबर, शेलरों की अलॉटमेंट और खरीद से जुड़े प्रबंधों का जायजा लिया। जिले की 114 मंडियों में इस सीजन 13 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान पहुंचने का अनुमान है, जबकि सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी।

इसमें जिले की मंडियों में धान की संभावित आमद, मंडियों में जरूरी प्रबंध, खरीद एजेंसियों की तैयारियां, लेबर की उपलब्धता, शेलरों की अलॉटमेंट तथा खरीद से जुड़े अन्य प्रबंधकीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिला नियंत्रक खाद्य, सिविल सप्लाईज एवं उपभोक्ता मामले सुखविंदर सिंह गिल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एडीसी जसपिंदर सिंह ने बताया कि इस सीजन के दौरान जिले की 114 मंडियों में 13 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की आमद होने की संभावना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीद, लिफ्टिंग और अन्य प्रक्रियाओं को निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने आढ़तियों से अपील की कि वे किसानों को मंडियों में सूखा और निर्धारित गुणवत्ता वाला धान लाने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को धान की कटाई दिन के समय करवाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

एडीसी ने मंडी बोर्ड के अधिकारियों को जिले की सभी मंडियों में सफाई, रोशनी, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं समेत सभी आवश्यक प्रबंध 1 अक्टूबर से पहले पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से काम करने तथा खरीद सीजन के दौरान किसानों को समय पर सुचारू सेवाएं उपलब्ध करवाने को कहा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि धान की सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों को सीजन के दौरान किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें