Site icon Dainik Savera Times

दिवाली की रात 120 फायर फाइटर रहेंगे सतर्क, 30 फायर टैंडर रहेंगे तैनात

लुधियाना: दिवाली के जश्न के दौरान शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम लुधियाना ने विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों पर 120 से अधिक फायर फाइटर तैनात रहेंगे, जो पूरी रात चौकसी में रहेंगे। मेयर ¨प्रसीपल इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर आदित्य डैचलवाल ने निवासियों से सुरक्षित और खुशहाल दीवाली मनाने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक आगजनी की घटना से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फायर फाइटरों को फायर सेफ्टी सूट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

किसी भी घटना से निपटने के लिए 30 फायर टेंडर तैनात किए गए हैं, जिनमें एक 56 मीटर ऊंची टर्नटेबल सीढ़ी, रैस्क्यू वैन/टैंडर, मिनी फायर टैंडर और अन्य आधुनिक मशीनरी व उपकरण शामिल हैं। एमरजैंसी स्थिति में फायर टैंडर को दोबारा भरने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्यूबवैलों पर जैनरेटर सेट लगाए गए हैं और आवश्यकतानुसार स्टाफ तैनात किया गया है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डैचलवाल ने कहा कि शहर में किसी भी आग की घटना की सूचना मिलते ही फायर फाइटर आधुनिक फायर टैंडर और सभी जरूरी उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंच जाएंगे।

मेयर इंद्रजीत कौर और कमिश्नर डैचलवाल ने बताया कि विभिन्न इलाकों में अस्थायी फायर स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे ताकि किसी भी आग की घटना की सूचना मिलने पर रिस्पांस टाईम को घटाया जा सके और तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह दीवाली के दौरान अपने घरों की छतों पर ज्वलनशील वस्तुएं, पुराने कपड़े, फर्नीचर या अन्य कबाड़ न रखें ताकि आग लगने की कोई संभावना न रहे। उन्होंने सभी को एक सुरिक्षत और खुशहाल दीवाली की शुभकामनाएं दीं। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि 0161-101 नंबर के अलावा, निवासी नजदीकी फायर स्टेशन से भी सीधे संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें : Vastu Tips: घर में शांति और समृद्धि के लिए कहां रखें मंदिर? जानें सही दिशा और शुभ स्थान

Exit mobile version