पंजाब डेस्क: पठानकोट से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बता दें कि जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र ने सुसाइड कर लिया। छात्र आठवीं कक्षा में पढ़ता था और दिवाली की 10 दिन की छुट्टियां बिताने के बाद हाल ही में हॉस्टल लौटा था। घटना के बाद स्कूल परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि विद्यालय प्रबंधन ने भी आंतरिक जांच कमेटी गठित की है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार देर रात करीब 12:40 से 12:45 बजे के बीच हुई। रात करीब एक बजे हॉस्टल के हाउस मास्टर ने विद्यालय के प्रिंसिपल को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे। इसके बाद छात्र को तत्काल उपचार के लिए घरोटा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र पठानकोट के सरना क्षेत्र के गांव डल्ला बलीम का रहने वाला था।
हॉस्टल में नहीं लगे हैं CCTV कैमरे
घटना को लेकर प्रभारी प्रिंसिपल ने बताया कि विद्यालय परिसर में सुरक्षा के लिए कुल 56 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। हालांकि, विद्यार्थियों की निजता को ध्यान में रखते हुए हॉस्टल के अंदर कैमरे नहीं लगाए गए हैं।
ऐसे में घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाने के लिए स्कूल प्रबंधन और पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन ने बनाई आंतरिक जांच कमेटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने आंतरिक जांच कमेटी का गठन किया है। इसके अलावा पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट नवोदय विद्यालय समिति के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ और मुख्यालय को भी भेज दी गई है।
प्रिंसिपल के अनुसार, एनवीएस के क्षेत्रीय कार्यालय और मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मामले की जांच के लिए विद्यालय पहुंच रही है।
ये भी पढ़ें…
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

