
1,550 Property Owners Receive Ownership Cards in Jandiala Guru : अमृतसर। जंडियाला गुरु में पंजाब सरकार की ‘मेरा घर-मेरे मान’ योजना के तहत लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने 9 गांवों के 1,550 संपत्ति मालिकों को मालिकाना कार्ड वितरित किए। इस पहल से लाल डोरे के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों के स्वामित्व का दस्तावेजी प्रमाण मिलेगा। कार्ड में संपत्ति का क्षेत्रफल, अक्षांश-देशांतर और नक्शे सहित महत्वपूर्ण विवरण दर्ज हैं, जिससे मालिकाना हक संबंधी विवादों को कम करने और संपत्ति रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
इन गांवों में नारायणगढ़, शाहपुर, रसूलपुर खुर्द, पल्ला, चुंग, छापा राम सिंह, मीरां चक्क, तलवंडी डोगरा और खलिहरा शामिल हैं। जंडियाला गुरु में आयोजित समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लाल डोरे के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों के मालिकों को स्वामित्व संबंधी दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि पहले संपत्तियों के मालिकाना दस्तावेजों की कमी के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
मालिकाना कार्ड संपत्ति के अधिकारों की पहचान स्पष्ट करने और स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने बताया कि मालिकाना कार्ड में संपत्ति की सही पहचान और उससे संबंधित विस्तृत जानकारी दर्ज की गई है। इसमें संपत्ति के देशांतर और अक्षांश, ढके हुए क्षेत्रफल, निर्माणाधीन क्षेत्रफल, खुले क्षेत्रफल तथा सर्वेक्षण इकाई का नक्शा आदि शामिल हैं। इन विवरणों से संपत्ति की स्थिति और क्षेत्रफल संबंधी जानकारी को स्पष्ट एवं व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने में सहायता मिलेगी। स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजी स्पष्टता की कमी के कारण कई बार परिवारों को मालिकाना हक से जुड़े विवादों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि मालिकाना कार्ड संपत्ति के अधिकारों के संबंध में दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ ऐसे विवादों और समस्याओं को कम करने में भी सहायक सिद्ध होंगे। इस अवसर पर मालिकाना कार्ड प्राप्त करने वाले 1,550 लाभार्थियों ने संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। इस अवसर पर एस.डी.एम. अमृतसर-1 श्रीमती अलका कालिया, तहसीलदार श्री अंगद, नायब तहसीलदार श्रीमती अकविंदर कौर के अलावा क्षेत्र की अन्य प्रमुख हस्तियां एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...