पिछले साल की तुलना में इस साल 18 हजार ज्यादा लोगों ने भरा प्रॉपर्टी टैक्स

1.78 लाख प्रॉपर्टी टैक्स रिटर्न जमा हुई, निगम को मिला 137 करोड़ का राजस्व

लुधियाना : नगर निगम की ज्यादातर ब्रांचें पिछले बजट के हिसाब से वसूली नहीं कर पाईं, वहीं प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच ने तय टारगेट से करीब तीन करोड़ रुपए ज्यादा बटोर लिए। पिछले साल की तुलना में इस साल 18 हजार ज्यादा लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स रिटर्न भरी, जिससे नगर निगम को पिछले साल की तुलना में करीब 15 करोड़ रुपए ज्यादा का राजस्व मिला। नगर निगम ने बजट में 2023-24 के लिए प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच को 130 करोड़ रुपए का टारगेट दिया था, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 134 करोड़ रुपए कर दिया लेकिन नगर निगम ने इस साल में 137 करोड़ रुपए का राजस्व जुटा लिया।

वर्ष 2022-23 में नगर निगम में 1.60 लाख लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स रिटर्न भरी थी, जबकि इस साल 1.78 लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स रिटर्न भरी है। पिछले साल नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स से 122 करोड़ के करीब राजस्व हासिल किया है, जोकि इस साल बढ़कर 137 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है। इस साल का प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने की 31 मार्च को आखिरी तिथि थी, जिसकी वजह से नगर निगम ने छुट्टी के बावजूद दफ्तर खुले रहे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक आखिरी दिन करीब 1.50 करोड़ रुपए का राजस्व नगर निगम को मिला।

- विज्ञापन -

Latest News