Site icon Dainik Savera Times

बस-केट्रा की टक्कर में शिक्षक सहित 2 की मौत, दो गंभीर

कुरुक्षेत्र: बुधवार को कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर गांव लोहार माजरा के समीप एक प्राइवेट बस व क्रेटा कार की आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में क्रेटा कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक कार में ही फंस गया। राहगीरों ने क्षतिग्रस्त कार से चालक को मुश्किल से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान करीब 44 वर्षीय कुलदीप और करीब 48 वर्षीय गुरदेव निवासी गांव सारसा के तौर पर हुई है। हादसे में कार सवार रोहताश व सुखदेव निवासी सारसा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। दोनों घायलों को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्राइवेट बस कुरुक्षेत्र की ओर से आ रही थी, जबकि क्रेटा कार पिहोवा की तरफ से आ रही थी। गांव लोहार माजरा के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार में सवार चार लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रुप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल रोहताश एलएनजेपी अस्पताल में उपचाराधीन है, जबकि सुखदेव को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है, लेकिन सुखदेव के परिजनों ने सुखदेव को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें :- Chaitra Navratri 2026: नवरात्रि में जौ बोने से पहले जानें सही विधि और इसके शुभ-अशुभ संकेत 

Exit mobile version