Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस की बड़ी कामयाबी; 5 किलो हैरोइन और 1.50 लाख की ड्रग मनी सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

September 13, 2026

पुलिस की बड़ी कामयाबी; 5 किलो हैरोइन और 1.50 लाख की ड्रग मनी सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

जालंधर : पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस ने दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलोग्राम हैरोइन तथा 1.50 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे की बड़ी खेप की सप्लाई करने के लिए शहर में पहुंचे थे। पुलिस अब इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और खरीदारों की पहचान करने में जुट गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलप्रीत सिंह और कमलदीप सिंह, दोनों निवासी फिल्लौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दो तस्कर भारी मात्रा में हैरोइन लेकर शहर में किसी ग्राहक को सप्लाई देने आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया गया और कोट कलां चौक स्थित पटवारी ढाबे के निकट नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखी गई। कुछ देर बाद दोनों संदिग्ध मौके पर पहुंचे, जिन्हें घेराबंदी कर काबू कर लिया गया।

तलाशी के दौरान दिलप्रीत सिंह के कब्जे से 2.5 किलोग्राम हैरोइन और 80 हजार रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। वहीं कमलदीप सिंह से भी 2.5 किलोग्राम हैरोइन तथा 70 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी खेप की डिलीवरी के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे पहले भी नशीले पदार्थों की सप्लाई कर चुके हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हैरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश : मामले में नामजद किए गए दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नैटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और मामले से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच की जाएगी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज :-

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि उनसे गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नैटवर्क, सप्लाई चेन और आर्थिक लेन-देन का खुलासा किया जा सके। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें